सिंगरौली: / नगर निगम बारिश खत्म होते ही मॉडल रोड का कार्य तत्काल प्रारंभ करें – कलेक्टर श्री गौरव बैनल
स्वामित्व के पट्टों की रजिस्ट्रियों का कार्य समय-सीमा में पूर्ण कराएं एसडीएम
अतिवृष्टि से हुए नुकसान की राहत राशि तत्काल जारी करें एसडीएम, किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
जन विश्वास अभियान के शिविरों में पात्र हितग्राहियों को मौके पर दिलाएं योजनाओं का लाभ
मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की ग्रामवार समीक्षा कर शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करें
‘सेवा मेरा योगदान’ के तहत 02 से 10 अक्टूबर तक आयोजित होंगी 10 गतिविधियां
सीएम हेल्पलाइन की 100 एवं 50 दिवस से अधिक लंबित शिकायतों का प्राथमिकता से करें निराकरण
सिंगरौली: / कलेक्टर श्री गौरव बैनल की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समय-सीमा की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जन विश्वास अभियान, सेवा संकल्प अभियान, सीएम हेल्पलाइन, हितग्राहीमूलक योजनाओं सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर ने जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जनपद पंचायत चितरंगी के देवरा ग्राम पंचायत क्लस्टर में आयोजित होने वाले विशेष शिविर की तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिविर केवल औपचारिक आयोजन न होकर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ मौके पर उपलब्ध कराने तथा स्थानीय जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनें। इसके लिए संबंधित अधिकारी शिविर से पूर्व अनिवार्य रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर पात्र हितग्राहियों की पहचान करें और आवश्यक कार्यवाही पूर्ण करें।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्धारित क्लस्टर में शिशु एवं मातृ स्वास्थ्य से संबंधित सभी संकेतकों की ग्रामवार समीक्षा कर शत-प्रतिशत उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आंगनवाड़ी केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए । उन्होंने ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने तथा नल-जल योजनाओं के कनेक्शन बढ़ाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को वनाधिकार पट्टों से संबंधित प्रकरणों की पुनः जांच कर पात्र व्यक्तियों को नियमानुसार हितलाभ दिलाने तथा दिव्यांग पेंशन सहित अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं से वंचित पात्र व्यक्तियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि आवश्यकता अनुसार पात्र दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण भी उपलब्ध कराया जाए। कलेक्टर ने सभी विकासखंड अधिकारियों को स्वामित्व योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों के अधिकार अभिलेखों की निःशुल्क रजिस्ट्री सुनिश्चित करने तथा अतिवृष्टि से मकान क्षतिग्रस्त होने वाले पात्र परिवारों को निर्धारित समय-सीमा में राहत राशि वितरित करने के निर्देश दिए।
सेवा संकल्प अभियान की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने 02 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक ‘सेवा मेरा योगदान’ के अंतर्गत 10 गतिविधियों का चयन कर सुव्यवस्थित कार्यक्रम तैयार करने के निर्देश दिए। सेवा सेतु अभियान के तहत नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में आयोजित होने वाले शिविरों के लिए जोनवार एवं ग्राम पंचायतवार कार्ययोजना तैयार करने को कहा गया। उन्होंने निर्देशित किया कि इन शिविरों में सीएम हेल्पलाइन, लोक सेवा अधिनियम के प्रकरणों एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का निराकरण करते हुए पात्र हितग्राहियों को मौके पर लाभ दिलाया जाए तथा क्षेत्र की जनसमस्याओं का भी समाधान सुनिश्चित किया जाए। जिला शिक्षा अधिकारी एवं सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग को बरगवां, देवसर एवं चितरंगी स्थित कन्या विद्यालय, एकलव्य विद्यालय, मॉडल स्कूल एवं उत्कृष्ट विद्यालयों में ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा के लिए एलईडी स्क्रीन सहित आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने सीईओ जिला पंचायत एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को प्रसव केंद्रों का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, एसडीएम देवसर एवं एसडीएम चितरंगी को रेलवे विभाग से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने तथा भूमि अधिग्रहण से संबंधित मुआवजा प्रक्रिया निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। मॉडल रोड निर्माण की समीक्षा करते हुए नगर निगम आयुक्त को डामरीकरण का कार्य शीघ्र प्रारंभ कराने तथा निर्माण कार्य की नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा। उन्होंने स्वरोजगार योजनाओं से संबंधित प्रकरणों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश भी दिए। सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने 100 दिवस एवं 50 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों को सर्वोच्च प्राथमिकता से निराकृत कर संबंधित अधिकारियों को पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
