शाहगंज (जौनपुर)। साइबर ठगों ने अब गरीब परिवारों की मजबूरियों को निशाना बनाना शुरू कर दिया है।
ताजा मामला शाहगंज कोतवाली क्षेत्र का है, जहां एक व्यक्ति से बेटी की शादी के नाम पर सरकारी आर्थिक सहायता दिलाने का झांसा देकर हजारों रुपये की ऑनलाइन ठगी कर ली गई। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली क्षेत्र के कोरवलिया भादी निवासी रामचंद्रर चौहान के पास एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को मददगार बताते हुए कहा कि उसे बेटी की शादी के लिए 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दिलाई जाएगी, जिसे कभी वापस भी नहीं करना पड़ेगा।
शातिर ने सहायता राशि जारी कराने की प्रक्रिया शुल्क के नाम पर पहले कुछ पैसे ऑनलाइन ट्रांसफर करने को कहा। पीड़ित जालसाज की बातों में आ गया और उसने अलग-अलग किस्तों में पांच बार में कुल 16 हजार रुपये बताए गए खाते में ट्रांसफर कर दिए।
रकम भेजने के बाद जब 4 लाख की मदद नहीं मिली और सामने वाले से संपर्क टूटने लगा, तब पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। ठगी के शिकार रामचंद्रर चौहान ने शाहगंज कोतवाली पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी।
उन्होंने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने और ठगे गए 16 हजार रुपये वापस दिलाने की गुहार लगाई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
