डिण्डौरी पुलिस मुख्यालय की सामुदायिक पुलिस शाखा द्वारा संचालित *“युवा सृजन संवाद”* कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक शनिवार उत्कृष्ट एवं सांदीपनी विद्यालयों में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों को विभिन्न विषयों पर जागरूक एवं प्रशिक्षित किए जाने तथा पुलिस थाना का भ्रमण कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में आज दिनांक *19.09.2026* को शासकीय सांदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शहपुरा में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के छात्र-छात्राओं के साथ *युवा सृजन संवाद कार्यक्रम* आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक डिण्डौरी आशीष खरे, एसडीओपी शहपुरा अजय तिवारी, थाना प्रभारी शहपुरा अनुराग जामदार, प्राचार्य साहू सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को उनके अधिकार एवं कर्तव्यो के संबंध में जानकारी दी गई।
साथ ही पुलिस से संबंधित कानूनों का सामान्य परिचय, *पॉक्सो एक्ट, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध एवं साइबर सुरक्षा, यातायात सुरक्षा* सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा कर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। पुलिस अधीक्षक आशीष खरे द्वारा विद्यार्थियों के साथ *वन-टू-वन संवाद* करते हुए उनकी जिज्ञासाओं एवं जागरूकता से जुड़े प्रश्नों को सुना गया तथा प्रश्नों के सरल एवं समाधानपरक उत्तर देकर विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान *डायल-112* के माध्यम से इवेंट करवाकर आपात स्थिति में पुलिस द्वारा मौके पर पहुंचकर किस प्रकार कार्रवाई की जाती है, इसका व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया। साथ ही विद्यार्थियों को डायल-112 वाहन की कार्यप्रणाली के संबंध में जानकारी देते हुए उन्हें वाहन का भौतिक अवलोकन भी कराया गया।
इसके पश्चात विद्यार्थियों को *थाना शहपुरा का भ्रमण* कराया गया, जहां उन्हें पुलिस की दैनिक कार्यप्रणाली, थाने में प्राप्त होने वाली शिकायत एवं रिपोर्ट पर पुलिस द्वारा की जाने वाली कार्रवाई तथा पुलिस की विभिन्न कार्यप्रणालियों से अवगत कराया गया। कार्यक्रम में लगभग *150 से 175 छात्र-छात्राओं* ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में थाना शहपुरा के समस्त पुलिस स्टाफ एवं सांदीपनी विद्यालय के प्राचार्य तथा समस्त स्टाफ का महत्वपूर्ण सहयोग रहा। *जिला पुलिस डिण्डौरी* द्वारा ऐसे कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा एवं नागरिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने के साथ पुलिस और युवा वर्ग के बीच संवाद एवं विश्वास को मजबूत करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
