बाग आंगनवाड़ी केंद्र में केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने माताओं को बांटी पोषण किट…
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। राष्ट्रीय पोषण माह के अंतर्गत केंद्रीय राज्यमंत्री, महिला एवं बाल विकास विभाग, नई दिल्ली सावित्री ठाकुर ने अपने धार-महू लोकसभा क्षेत्र के गंधवानी विधानसभा प्रवास के दौरान बाग स्थित आंगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 7 का दौरा किया। यहां उन्होंने उपस्थित माताओं को पोषण किट वितरित कर बच्चों एवं माताओं के बेहतर स्वास्थ्य और संतुलित आहार के प्रति जागरूक किया।
इस दौरान केंद्रीय राज्यमंत्री ठाकुर ने कहा कि बच्चों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार बेहद जरूरी है। माताओं को बच्चों के खान-पान, पोषण और स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक बातों की जानकारी देकर उन्हें दैनिक जीवन में अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
उन्होंने कहा कि कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण में मातृशक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। परिवार में बच्चों के खान-पान और स्वास्थ्य की पहली जिम्मेदारी मां ही संभालती है, इसलिए पोषण के प्रति जागरूकता प्रत्येक परिवार तक पहुंचाना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सही पोषण—देश रोशन” के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और स्वस्थ एवं कुपोषण मुक्त समाज के निर्माण के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर बाग क्षेत्र के भाजपा मंडल अध्यक्ष सुरेश सिसोदिया सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, माताएं एवं अन्य उपस्थित रहे।
