4 से 10 अक्टूबर तक बंकनाथ अटल दरबार मंदिर के सामने होगा आयोजन, 4 अक्टूबर को निकलेगी कलश यात्रा…..
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। वेदांत दर्शन सेवा समिति, तपोवन धाम के संचालक एवं संस्थापक अखंडानंद जी महाराज के तत्वावधान में पितृ पक्ष अर्थात सोलह श्राद्ध के अवसर पर सप्त दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा, रुद्र एवं महायज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। धार्मिक आयोजन 4 अक्टूबर से 10 अक्टूबर 2026 तक बंकनाथ अटल दरबार मंदिर के सामने, सिंघाना रोड, मनावर में होगा।
आयोजन के तहत प्रतिदिन प्रातः 7 से 11 बजे तक यज्ञानुष्ठान तथा दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। पितृ पक्ष के दौरान होने वाले इस धार्मिक अनुष्ठान में पितरों की मोक्ष प्राप्ति, पितृ ऋण से मुक्ति तथा सनातन धर्म में वर्णित विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक विषयों पर कथाव्यास द्वारा प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को जानकारी दी जाएगी।
*4 अक्टूबर को निकलेगी कलश यात्रा*
आयोजन के प्रथम दिन रविवार, 4 अक्टूबर को सुबह 7 बजे बंकनाथ मंदिर परिसर से कथा स्थल तक कलश यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद श्रीमद्भागवत कथा एवं यज्ञ अनुष्ठान का शुभारंभ होगा।
श्रीमद्भागवत महापुराण को अध्यात्म से परिपूर्ण महान ग्रंथ बताते हुए आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से सहपरिवार कथा में शामिल होने का आग्रह किया है।
कथा में पितृ ऋण कैसे चुकाएं, पिंडदान क्या है, पितृ ऋण में गौदान का महत्व तथा किस तीर्थ में स्नान करने से जन्म-मरण से मुक्ति का मार्ग मिलता है, जैसे विषयों पर विभिन्न प्रसंगों के माध्यम से मार्गदर्शन किया जाएगा।
आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से समय पर पहुंचकर कथा एवं यज्ञ का लाभ लेने की अपील की है। पितृ पक्ष के अवसर पर यजमान के रूप में जोड़े पर बैठने एवं अन्य जानकारी के लिए मोबाइल नंबर 88377 26529 पर संपर्क किया जा सकता है।
इस अवसर पर यज्ञशाला कार्यक्रम स्थल का वैदिक रीति से भूमिपूजन किया गया। पूर्व नपा अध्यक्ष पन्नालाल पाटीदार, दामोदर खंडेलवाल, भाजपा नेता हेमंत खटोड़, मुकेश मुकाती, डॉ मनोज पाटीदार, राजू सोनी, जय जोशी सहित गणमान्यजन उपस्थित रहे।
