ऑनलाइन आवेदन से समय और श्रम की हो रही बचत-पवन कुमार
सूरजपुर/10 सितंबर 2026/ राज्य शासन द्वारा शासकीय सेवाओं को सरल, पारदर्शी एवं जनसुलभ बनाने की दिशा में संचालित सेवा सेतु आम नागरिकों के लिए सुविधा का सशक्त माध्यम बन रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित इस पहल के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के नागरिक भी घर बैठे विभिन्न शासकीय सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन कर लाभ प्राप्त कर रहे हैं। इससे उन्हें कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर लगाने से राहत मिलने के साथ ही समय एवं श्रम की बचत हो रही है।
इसी कड़ी में उपतहसील विश्रामपुर अंतर्गत ग्राम हार्राटिकरा निवासी श्री पवन कुमार ने अपने बच्चों लक्ष्य कुमार एवं लक्ष्मी राजवाड़े के आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करने के लिए सेवा सेतु के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन किया। आवेदन के निराकरण के पश्चात उन्हें आय प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र एवं जाति प्रमाण पत्र प्राप्त हुआ।
श्री पवन कुमार बताते है कि पूर्व में आवश्यक प्रमाण पत्र बनवाने के लिए शासकीय कार्यालयों में जाकर आवेदन प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती थी, जिसमें समय एवं श्रम दोनों खर्च होता था। सेवा सेतु के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन करने से पूरी प्रक्रिया उनके लिए काफी सरल एवं सुविधाजनक हो गई। उन्होंने कहा कि घर बैठे आवेदन करने और समय पर प्रमाण पत्र प्राप्त होने से उन्हें काफी सुविधा मिली है।
उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में नागरिकों की सुविधा के लिए शुरू की गई डिजिटल सेवाओं की सराहना करते हुए कहा कि सेवा सेतु जैसी पहल से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी शासकीय सेवाओं का लाभ सहज और सुगम तरीके से मिल रहा है।
उल्लेखनीय है कि सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र सहित विभिन्न विभागों की अनेक शासकीय सेवाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। डिजिटल माध्यम से सेवाओं की पहुंच आसान होने से नागरिकों को विभिन्न कार्यालयों में बार-बार जाने की आवश्यकता कम हुई है।और नागरिकों के लिए शासकीय सेवाएं अब पहले से अधिक सहज, सरल एवं सुविधाजनक बन रही हैं।
