हमीरपुर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर के तत्वावधान में जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री मनोज कुमार राय के दिशा-निर्देशन एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्रीमती वंदना अग्रवाल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे POCSO जागरूकता कार्यक्रम के तीसरे दिन 28 सितम्बर 2026 को राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, हमीरपुर में विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में सिविल जज जूनियर डिवीजन श्री अरुण कुमार यादव ने छात्राओं को लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम, 2012 (POCSO Act) के प्रमुख प्रावधानों एवं बालिकाओं के विधिक अधिकारों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को लैंगिक अपराधों से बचाव, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की पहचान तथा किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तत्काल आवाज उठाने और इसकी सूचना अभिभावकों, शिक्षकों अथवा संबंधित प्राधिकारी को देने के लिए जागरूक किया।
उन्होंने बताया कि बच्चों की सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के संरक्षण के लिए कानून में महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं। छात्राओं को इन अधिकारों एवं कानूनी संरक्षण की जानकारी होना आवश्यक है, ताकि वे किसी भी प्रकार की अनुचित अथवा आपत्तिजनक स्थिति में सजग रहते हुए समय से सहायता प्राप्त कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती सरस्वती देवी द्वारा सिविल जज जूनियर डिवीजन श्री अरुण कुमार यादव को बुके भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर पीएलवी श्री पवन तिवारी, श्रीमती छाया प्रजापति, महिला कल्याण विभाग से श्रीमती दीप्ति अग्निहोत्री, श्री कृष्ण गोपाल तिवारी, एएचटीयू थाना अध्यक्ष श्री राकेश यादव, उपनिरीक्षक श्री राजबहादुर यादव सहित विद्यालय के शिक्षकगण एवं छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को POCSO Act, 2012, बाल अधिकारों एवं विधिक संरक्षण के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें सुरक्षित वातावरण के प्रति सजग बनाना तथा किसी भी प्रकार के लैंगिक अपराध के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए सशक्त करना रहा।
