


हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा। कस्बे में दिनदहाड़े जेबकतरी की घटना सामने आने से व्यापारियों में हड़कंप मच गया। रहमानिया रोड निवासी आलू थोक विक्रेता हाजी मुईनउद्दीन की जेब काटकर अज्ञात युवक 25 हजार रुपये पार कर ले गया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।जानकारी के अनुसार हाजी मुईनउद्दीन रविवार सुबह करीब 7 बजे ई-रिक्शा से इंडियन बैंक शाखा, रहमानिया रोड से बैठकर मंडी स्थित दुकान जा रहा था। मंडी की तरफ जाते समय एक अज्ञात युवक उनके पास आकर बैठ गया। पीड़ित के मुताबिक युवक के मुंह से नशीले पदार्थ जैसी बदबू आ रही थी। कुछ देर बाद वह युवक बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा के पास उतरकर चला गया।जब हाजी मुईनउद्दीन अपनी दुकान पहुंचे तो उन्हें जेब कटने की जानकारी हुई। जेब में रखे 25 हजार रुपये गायब थे। पीड़ित ने बताया कि संदिग्ध युवक सांवले रंग का था और उसकी उम्र करीब 28 वर्ष प्रतीत हो रही थी।घटना के बाद पीड़ित ने मौदहा कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी और पुलिस से आरोपी की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।