
अग्निवीरभर्तीवर्ष_2026_27 : ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम की तिथियां घोषित,
01 जून से 12 जून तक भोपाल में आयोजित होगी ऑनलाइन परीक्षा, एडमिट कार्ड 15 मई से होंगे उपलब्ध
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
भर्ती वर्ष 2026-27 के लिए सेना भर्ती कार्यालय भोपाल द्वारा अग्निवीर भर्ती रैली के अंतर्गत पुरुष एवं महिला उम्मीदवारों के लिए प्रेस विज्ञप्ति जारी की गई है। सेना में भर्ती के लिए ज्वाइन इंडियन आर्मी की वेबसाइट पर रजिस्टर करने वाले अभ्यर्थियों के लिए ऑनलाइन कॉमन एंट्रेंस एग्जाम (सीईई) की तिथियों की घोषणा भारतीय सेना द्वारा कर दी गई है।
विभिन्न श्रेणियों के लिए ऑनलाइन परीक्षा (सीईई) 01 जून 2026 से 12 जून 2026 तक भोपाल स्थित 2 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएगी। ऑनलाइन परीक्षा प्रतिदिन 4 शिफ्ट में आयोजित होगी। इस बार से अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों का टाइपिंग टेस्ट भी ऑनलाइन परीक्षा केंद्र पर लिया जाएगा।
अभ्यर्थियों के डाउनलोड हेतु एडमिट कार्ड 15 मई 2026 से भारतीय सेना की वेबसाइट पर अपलोड कर दिए जाएंगे।
भोपाल में बनाए गए दो परीक्षा केंद्र, दलालों से सावधान रहने की अपील
सेना भर्ती कार्यालय भोपाल के अनुसार ऑनलाइन परीक्षा (सीईई) केंद्रों का विवरण निम्नानुसार है—
1.आईओएन डिजिटल जोन आईडीजेड प्रेस्टीज श्री जयराम एजुकेशन सोसिटी, कोकटा बाईपास, रायसेन रोड, भोपाल।
2.आईओएन डिजिटल जोन आईडीजेड आरजीपीएम, सांखेड़ी, डानिश कुंज, कोलार रोड, भोपाल।
अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे एडमिट कार्ड पर दिए गए सभी निर्देशों का पालन करें तथा समय पर अपने परीक्षा केंद्र पर पहुंचे। सभी अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड का प्रिंटआउट साथ रखना अनिवार्य होगा।
किसी भी प्रकार के स्पष्टीकरण के लिए अभ्यर्थी सेना भर्ती कार्यालय भोपाल के टेलीफोन नंबर 0755-2540954 एवं 9039018588 पर संपर्क कर सकते हैं।
भारतीय सेना में चयन प्रक्रिया पूर्णतः पारदर्शी एवं केवल योग्यता के आधार पर होती है। अभ्यर्थियों को दलालों एवं फर्जी एजेंटों से सावधान रहने की सलाह दी गई है।
