

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। नगर पालिका परिषद मौदहा के वार्ड संख्या–12 निवासी श्रीमती सगुन के परिवार की जिंदगी प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी के तहत पूरी तरह बदल गई। वर्षों तक जर्जर कच्चे मकान में रहने को मजबूर परिवार अब पक्के और सुरक्षित घर में सम्मानपूर्वक जीवन बिता रहा है।

आर्थिक तंगी के चलते सगुन का परिवार पक्का मकान नहीं बनवा पा रहा था। बरसात के दिनों में टपकती छत और असुरक्षित दीवारों के बीच परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इसी दौरान उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना–शहरी की जानकारी मिली और आवेदन स्वीकृत होने पर आर्थिक सहायता प्राप्त हुई।
योजना के तहत मिले सहयोग से उनका नया पक्का मकान तैयार हुआ, जिसमें सुरक्षित छत, मजबूत दीवारें, शौचालय और स्वच्छ वातावरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। नए घर ने परिवार को सुरक्षा के साथ-साथ सम्मानजनक जीवन भी दिया है। बच्चों को पढ़ाई के लिए बेहतर माहौल मिला है और परिवार में खुशहाली लौटी है।
श्रीमती सगुन ने सरकार और प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रति आभार जताते हुए कहा कि यह योजना गरीब परिवारों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि यह योजना सिर्फ मकान नहीं देती, बल्कि गरीबों को सम्मान और आत्मविश्वास के साथ जीने का अवसर भी प्रदान करती है।
