

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। कलेक्ट्रेट में गुरुवार को एंटीकरप्शन टीम ने चकबंदी विभाग के एक पेशकार को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी नक्शा सुधार के नाम पर रिटायर्ड आर्मी हवलदार से 25 हजार रुपए की घूस ले रहा था।
मामला कुपरा गांव का है, जहां हरियाणा निवासी रिटायर्ड आर्मी हवलदार धर्मवीर सिंह ने करीब सवा 13 बीघा जमीन खरीदी थी। इस जमीन के नक्शा सुधार का मामला चकबंदी विभाग में लंबित था।
पीड़ित का आरोप है कि बीते छह महीनों से उससे डेढ़ लाख रुपए की रिश्वत मांगी जा रही थी, जिसे बाद में घटाकर 25 हजार रुपए कर दिया गया।
लगातार हो रही मांग से परेशान होकर धर्मवीर सिंह ने एंटीकरप्शन टीम से शिकायत की। शिकायत के आधार पर बांदा से आई 20 सदस्यीय टीम ने कलेक्ट्रेट परिसर में जाल बिछाया।
पूर्व निर्धारित योजना के तहत जैसे ही पेशकार अल्ताफ अली ने 25 हजार रुपए लिए, टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इस कार्रवाई से कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया।
एंटीकरप्शन टीम के प्रभारी मृत्युंजय कुमार ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और विधिक कार्रवाई की जा रही है।