
जनता के मुद्दों को लेकर सड़क पर उतरेगी कांग्रेस,
बढ़ती महंगाई और बिजली दरों के विरोध में 31 मार्च को पांढुर्णा में कांग्रेस का धरना-प्रदर्शन
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुर्णा: भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस द्वारा मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार की नीतियों के विरोध में 31 मार्च 2026 को जिला मुख्यालय पांढुर्णा में धरना-प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। यह प्रदर्शन दोपहर 1 बजे जिला कलेक्टर कार्यालय के समक्ष किया जाएगा, जहां प्रदर्शनकारियों द्वारा अपनी मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा जाएगा।
जारी सूचना के अनुसार, प्रदेश में लगातार बढ़ती बिजली दरों, जबरन स्मार्ट मीटर लगाए जाने, गैस और पेट्रोल की कालाबाजारी, वितरण प्रणाली में अव्यवस्था तथा आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में वृद्धि को लेकर आमजन में असंतोष व्याप्त है। इन सभी मुद्दों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने विरोध दर्ज कराने का निर्णय लिया है।
कार्यक्रम के तहत सभी कांग्रेस पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, पार्षदगण एवं कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है। प्रदर्शन से पूर्व दोपहर 12 बजे विधायक कार्यालय पांढुर्णा में एकत्रित होकर सभी कार्यकर्ता एकजुट होंगे, जिसके बाद कलेक्टर कार्यालय की ओर कूच किया जाएगा।
इस संबंध में जिला कांग्रेस कमेटी पांढुर्णा के अध्यक्ष जतन उइके ने बताया कि जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर यह आंदोलन किया जा रहा है और प्रशासन के माध्यम से सरकार तक अपनी बात पहुंचाई जाएगी। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का आह्वान किया है।