A2Z सभी खबर सभी जिले की

भारतीय किसान संघ डिण्डौरी की जिला कार्यकारिणी का सामूहिक इस्तीफा

किसानों की समस्याओं पर कार्रवाई नहीं होने से लिया बड़ा निर्णय

डिण्डौरी: 14 मार्च 2026

जिले में किसानों की समस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाने वाले भारतीय किसान संघ की जिला इकाई ने बड़ा निर्णय लेते हुए अपने दायित्वों से सामूहिक रूप से कार्यमुक्त हुआ। संगठन के पदाधिकारियों ने इस संबंध में पत्र भेजकर अपने पदों से मुक्त करने का अनुरोध किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार भारतीय किसान संघ जिला डिण्डौरी द्वारा किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर लंबे समय से शासन-प्रशासन तक आवाज उठाई जा रही थी। संगठन के कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर किसानों की समस्याएं सुनते रहे और संगठन का विस्तार करते हुए कई ग्राम समितियों का गठन भी किया गया, जिससे संगठन की सक्रियता पूरे जिले में बढ़ी।बताया गया कि किसानों की मांगों को लेकर 29 दिसंबर 2025 से शहपुरा के रानी दुर्गावती स्टेडियम में अनिश्चितकालीन हड़ताल भी की गई थी। इस आंदोलन के दौरान किसानों की 29 प्रमुख मांगों को लेकर ज्ञापन जबलपुर संभाग के आयुक्त को सौंपा जाना था। इसके बावजूद किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई।जिला पदाधिकारियों का कहना है कि किसान हितों के लिए लगातार संघर्ष करते हुए संगठन के कार्यकर्ताओं ने व्यक्तिगत स्तर पर भी समय और धन खर्च किया। इसके बावजूद संगठन स्तर पर उनकी मांगों और प्रयासों को लेकर कोई सकारात्मक परिणाम नहीं मिला। इसी कारण संगठन के जिला पदाधिकारियों ने सामूहिक रूप से अपने दायित्वों से त्यागपत्र देने का निर्णय लिया।इस संबंध में संगठन के जिला अध्यक्ष बिहारी लाल साहू और जिला मंत्री एड. निर्मल कुमार साहू के हस्ताक्षरयुक्त पत्र संगठन के प्रांत पदाधिकारियों को भेजा गया है। पत्र में कहा गया है कि किसानों की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए लगातार प्रयास किए गए, लेकिन अपेक्षित सहयोग और सकारात्मक परिणाम नहीं मिलने के कारण यह निर्णय लेना पड़ा।

जिला कार्यकारिणी के इस सामूहिक इस्तीफे से किसान संगठनों और क्षेत्र की राजनीति में चर्चा का माहौल बन गया है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि संगठन के प्रांतीय पदाधिकारी इस मामले में क्या निर्णय लेते हैं और आगे जिले में संगठनात्मक गतिविधियों को किस प्रकार संचालित किया जाएगा।पत्र की प्रति मध्यप्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री को भी सूचनार्थ भेजी गई है।

 

Related Articles

 

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!