

कटनी (10 मार्च) – कलेक्ट्रेट में मंगलवार को कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में अपर कलेक्टर श्री नीलाम्बर मिश्रा ने 176 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिये।
इस दौरान संयुक्त कलेक्टर जितेन्द्र पटेल, एसडीएम कटनी प्रमोद चतुर्वेदी, डिप्टी कलेक्टर विंकी सिंह उइके और ज्योति लिल्हारे सहित सभी विभागों के जिला अधिकारी मौजूद रहे।
पात्रता पर्ची में नाम जुड़वायें
जनसुनवाई के दौरान बाबा नारायण शाह वार्ड, माधवनगर कटनी निवासी अमृतलाल कटारिया ने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि मेरी पत्नी सुशीला देवी कटारिया का नाम पात्रता पर्ची से काट दिया गया है। दुबारा नाम जुड़वा दीजिए जिससे हमें राशन प्राप्त हो सके। इस पर जिला आपूर्ति अधिकारी को पात्रतानुसार पात्रता पर्ची में नाम जुड़वाने के निर्देश दिये गये।
फार्मर आईडी पंजीयन करायें
ग्राम जोबी कलां निवासी दिनेश चन्द्र दुबे ने अपनी शिकायत में बताया कि मैंने फरवरी माह में किसान पंजीयन हेतु ऑनलाईन आवेदन किया गया था। परंतु, अभी तक पंजीयन नहीं हो सका है। इस कारण मुझे गेंहू उपार्जन के लिए पंजीयन कराने में समस्या हो रही है। इस पर कटनी ग्रामीण तहसीलदार को आवेदक की समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिए गये।
पीएम किसान सम्मान निधि की राशि दिलायें
ग्राम धनवाही तहसील ढीमरखेड़ा निवासी जितेन्द्र कुमार गर्ग ने आवेदन देते हुये बताया कि फरवरी 2021 से मेरी किसान सम्मान निधि की राशि आना बंद हो गयी है। हल्का पटवारी से कई बार संपर्क करने के बावजूद मेरी समस्या का निराकरण नहीं हो सका है। जबकि मैं किसान सम्मान निधि की राशि प्राप्त करने की पात्रता रखता हूँ। इस पर अपर कलेक्टर ने ढीमरखेड़ा तहसीलदार को पात्रतानुसार शिकायत का निराकरण करने के निर्देश दिए।
आवास दिलायें
जनसुनवाई के दौरान ग्राम टोला तहसील ढीमरखेड़ा निवासी सत्य कुमार मिश्रा ने बताया कि मेरा मकान कच्चा है और मैं उसमें तिरपाल डाल कर अपना जीवन यापन कर रहा हूं। बारिश के मौसम में मेरे मकान में पानी भर जाता है, जिससे मुझे कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। कई बार आवेदन देने के बावजूद मुझे पीएम आवास स्वीकृत नहीं हुआ है। इस पर जनपद पंचायत ढीमरखेड़ा के सीईओ को पात्रतानुसार आवेदक को आवास दिलानें के निर्देश दिए गये।
क्रमांक-1095/126