A2Z सभी खबर सभी जिले की

जनगणना 2027 के जिला स्तरीय प्रशिक्षण का शुभारंभ, प्रथम चरण में 1 से 30 मई तक होगा मकान सूचीकरण

डिंडौरी : 26 फरवरी, 2026
भारत सरकार के जनगणना कार्य निदेशालय के निर्देशानुसार जनगणना 2027 के सफल क्रियान्वयन हेतु नियुक्त चार्ज अधिकारियों के लिए दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण का शुभारंभ कलेक्ट्रेट सभागार में कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में किया गया। 26 एवं 27 फरवरी को आयोजित इस प्रशिक्षण में कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने जनगणना को देश की विकास योजनाओं की आधारशिला बताते हुए कहा कि यह कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील है, इसलिए सभी अधिकारी-कर्मचारी निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत शुद्धता के साथ कार्य पूर्ण करें। उन्होंने प्रशिक्षण के दौरान प्राप्त तकनीकी जानकारी को फील्ड में प्रभावी रूप से लागू करने तथा डिजिटल प्रणाली के माध्यम से पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण डाटा संकलन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशिक्षण में बताया गया कि जनगणना 2027 के प्रथम चरण में 1 मई से 30 मई 2026 तक मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य किया जाएगा, जिसमें प्रगणक सुपरवाइजर के निर्देशन में घर-घर जाकर जानकारी एकत्र करेंगे। इस बार जनगणना कार्य में मोबाइल एप के माध्यम से डाटा संकलन, जीपीएस से गणना ब्लॉक की सीमांकन तथा सीएमएमएस पोर्टल से रियल टाइम मॉनिटरिंग की व्यवस्था की गई है। जिला स्तर पर चार्ज अधिकारियों की एडमिन आईडी तैयार कर फील्ड एवं मास्टर ट्रेनर्स की जानकारी पोर्टल पर दर्ज की जाएगी तथा विभिन्न चरणों की नियमित समीक्षा भी की जाएगी।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, एसडीएम डिंडौरी सुश्री भारती मेरावी, एसडीएम बजाग रामबाबू देवांगन, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन सहित सभी तहसीलदार, नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। अपर कलेक्टर जे.पी. यादव ने अपने संबोधन में कहा कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, अतः सभी अधिकारी प्रशिक्षण को गंभीरता से लेते हुए निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य संपादित करें। प्रशिक्षण में जनगणना के नोडल अधिकारी सुधीर कुमार, सहायक निदेशक एवं जयदीप नंदनवार, जिला प्रभारी डिंडौरी द्वारा विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!