
डिंडौरी : 25 फरवरी, 2026
कलेक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान वाहन स्वामी धनंजय तिवारी, पिता शीतल प्रसाद, निवासी मानिकपुर थाना समनापुर, तहसील एवं जिला डिण्डौरी द्वारा अपना वाहन मुक्त कराए जाने हेतु आवेदन प्रस्तुत किया गया। आवेदक ने अवगत कराया कि वाहन क्रमांक एमपी 13 केसी 7755 दिनांक 19 अक्टूबर 2019 को दस्तावेजों के अभाव में थाना परिसर डिण्डौरी में विशेष जांच दल जबलपुर द्वारा जप्त किया गया था तथा वे विगत नौ वर्षों से वाहन प्राप्ति हेतु प्रयासरत थे।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए तत्काल जिला परिवहन अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही कर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निर्देशानुसार प्रकरण का परीक्षण कर शासन की अधिसूचना के तहत अधिकृत पंजीकृत वाहन स्क्रैपिंग सुविधा (RVFS) योजना के प्रावधानों के अंतर्गत राहत प्रदान की गई तथा मोटरयान नियमों के अनुरूप आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण कराई गई।
निर्धारित शर्तों का पालन करते हुए वाहन स्वामी को वाहन प्राप्त हुआ। लंबे समय से लंबित प्रकरण के निराकरण के बाद वाहन प्राप्त कर श्री धनंजय तिवारी के चेहरे पर संतोष एवं प्रसन्नता स्पष्ट रूप से दिखाई दी। उन्होंने कलेक्टर के प्रति आभार व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया।