

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। जिले में कानून व्यवस्था की समीक्षा को लेकर डीआईजी राजेश एस ने सदर कोतवाली का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों का गहन परीक्षण करते हुए कुल 72 रजिस्टरों की जांच की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
डीआईजी जनपद के शहर एवं देहात क्षेत्रों के थानों का निरीक्षण करने के क्रम में सदर कोतवाली पहुंचे। इस दौरान थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव और लंबित प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की गई। कोतवाली परिसर में बेहतर साफ-सफाई व्यवस्था देखकर डीआईजी ने सराहना भी की।
निरीक्षण के समय पुलिस अधीक्षक व सीओ सदर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।