
ऑरेंज फेस्टिवल में 17 फरवरी को कृषि प्रबोधन सत्र और सांस्कृतिक संध्या का आयोजन
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
विशेषज्ञ प्रवीण बेलखेडे देंगे संतरा फसल पर मार्गदर्शन, शाम को विदर्भ के कलाकारों की प्रस्तुति
सौसर (पांढुर्णा)। सौसर फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड द्वारा प्रायोजित ऑरेंज फेस्टिवल के अंतर्गत प्रतिदिन आयोजित हो रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में 17 फरवरी 2026 (मंगलवार) को कृषि प्रबोधन एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन घोघरा-रिधोरा, जामसांवली, हनुमान तालाब के पास, तहसील सौसर, जिला पांढुर्णा में संपन्न होगा।
आयोजकों द्वारा जारी प्रेस नोट में बताया गया कि दोपहर 3:00 बजे एक विशेष कृषि प्रबोधन सत्र आयोजित किया जाएगा, जिसमें संतरा उत्पादन के क्षेत्र में प्रख्यात विशेषज्ञ श्री प्रवीण बेलखेडे किसानों को संतरा फसल की उन्नत खेती, देखरेख और उत्पादन वृद्धि को लेकर विस्तृत जानकारी देंगे।

एग्रो विजन में भी दे चुके हैं मार्गदर्शन
श्री प्रवीण बेलखेडे संतरा उत्पादन के क्षेत्र में राष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध हैं। उन्हें केंद्रीय मंत्री श्री नितिन गडकरी द्वारा आयोजित एग्रो विजन कृषि प्रदर्शनी में भी मार्गदर्शन हेतु आमंत्रित किया जाता रहा है। श्री बेलखेडे को राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर कई बार सम्मानित किया जा चुका है।
उनके मार्गदर्शन में पांढुरना, सौसर एवं विदर्भ क्षेत्र के अनेक किसान उन्नत तकनीक से संतरा खेती कर बेहतर उत्पादन प्राप्त कर रहे हैं।

संतरा बना किसानों के लिए आशा की किरण
आयोजकों ने किसानों से अपील की है कि वे इस महत्वपूर्ण सत्र में उपस्थित होकर लाभ उठाएं। प्रेस नोट में कहा गया कि वर्तमान परिस्थितियों में संतरा किसानों के लिए आशा की किरण बनकर उभरा है, जबकि कपास, सोयाबीन और मक्का जैसी फसलों ने अपेक्षित लाभ नहीं दिया।
बताया गया कि अब संतरा पांढुर्णा जिले की प्रमुख फसल बन चुकी है और ODOP (One District One Product) के अंतर्गत जिला प्रशासन एवं मध्यप्रदेश शासन द्वारा भी संतरा को जिले का प्रमुख उत्पाद माना गया है।
इस अवसर पर माननीय कलेक्टर पांढुर्णा का अभिनंदन भी किया जाएगा।

शाम 7 बजे विदर्भ के प्रसिद्ध कलाकारों की प्रस्तुति
इसी दिन शाम 7:00 बजे विदर्भ के प्रसिद्ध गायक श्री यादवराव कन्होलकर एवं उनके साथियों द्वारा उत्कृष्ट डाहाका वादन प्रस्तुत किया जाएगा। सांस्कृतिक संध्या में महाराष्ट्र और विदर्भ के कलाकारों द्वारा विविध मनमोहक प्रस्तुतियां दी जाएंगी। आयोजकों ने आमजन से इस कार्यक्रम का आनंद लेने की अपील की है।
25 फरवरी को होगा प्रगतिशील किसान सम्मान समारोह
ऑरेंज फेस्टिवल के अंतर्गत 25 फरवरी 2026 को प्रगतिशील किसान सम्मान समारोह का आयोजन भी किया जाएगा। छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा जिले के वे किसान जिन्होंने फसल उत्पादन, आधुनिक खेती, फल उत्पादन या दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में विशेष प्रगति की है, वे अपना नाम एवं मोबाइल नंबर 8007753047 पर भेज सकते हैं, ताकि उन्हें सम्मान समारोह में शामिल किया जा सके।