
शासकीय विद्यालयों की सुविधाओं पर कलेक्टर ने की समीक्षा, मरम्मत कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांडुर्णा जिले के शासकीय विद्यालयों में बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने, भवनों की मरम्मत कार्यों में तेजी लाने तथा विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित व सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने की।

बैठक के दौरान जिले के विभिन्न शासकीय विद्यालयों की वर्तमान स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई। विद्यालय भवनों की जर्जर स्थिति, छतों की मरम्मत, जल निकासी (ड्रेनेज) व्यवस्था, विद्युत सुविधा, कक्षाओं की उपयोगिता सहित अन्य आवश्यक आधारभूत व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने विद्यालयवार जानकारी प्राप्त करते हुए चल रहे कार्यों की प्रगति का आकलन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विद्यालयों के भवन क्षतिग्रस्त अथवा अत्यधिक जर्जर अवस्था में हैं, वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत एवं सुधार कार्य शीघ्र प्रारंभ किए जाएं। साथ ही वर्षा जल से होने वाली क्षति को रोकने हेतु जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुविधायुक्त शैक्षणिक वातावरण अत्यंत आवश्यक है, ताकि उन्हें अध्ययन के दौरान किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, नियमित निरीक्षण करने तथा मरम्मत कार्यों की सतत मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मेघा शर्मा एवं सुश्री नेहा सोनी, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रेक्षा पाठक, जनपद पंचायत सीईओ ओमती बंदू सूर्यवंशी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।