
कलेक्टर श्री वशिष्ठ की अध्यक्षता में समय-सीमा (TL) बैठक सम्पन्न
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
विकास कार्यों की प्रगति, संकल्प से समाधान योजना एवं जनहितकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा
पांढुरना – कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा (TL) समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों में लंबित प्रकरणों, जनशिकायतों तथा केंद्र एवं राज्य शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के क्रियान्वयन की बिंदुवार समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान “संकल्प से समाधान योजना” अंतर्गत जिले की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की गई। विभिन्न विभागों की प्रगति, लक्ष्य प्राप्ति की स्थिति तथा आमजन तक योजनाओं का लाभ पहुँचाने के प्रयासों पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी संबंधित विभागों को शासन की योजनाओं का लाभ अधिकतम पात्र हितग्राहियों तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं लक्ष्यों की समय-सीमा में पूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कड़े निर्देश जारी किए गए। किसी भी प्रकार की लापरवाही को अस्वीकार्य बताते हुए सतर्कता एवं जवाबदेही पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही योजनाओं की सतत निगरानी एवं बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए जिला स्तर पर समिति गठित करने के निर्देश भी दिए गए।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि कार्यों में अनावश्यक विलंब या लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

विकास कार्यों और अधोसंरचना पर विशेष फोकस
बैठक के दौरान लोक निर्माण विभाग एवं ग्रामीण यांत्रिकी सेवा द्वारा संचालित निर्माण कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने पांढुर्णा से वर्धा नदी तक 11.20 किलोमीटर लंबी सड़क पर बने गड्ढों को तत्काल भरने तथा मार्ग को सतत मोटरेबल बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने अवगत कराया कि इस सड़क के समग्र सुधार के लिए 4,500 लाख रुपये का प्रथम स्तरीय प्राक्कलन तैयार कर उच्चाधिकारियों को स्वीकृति के लिए भेजा जा चुका है।
इसके अतिरिक्त बानाबाकोडा क्षेत्र में बायपास सड़क निर्माण तथा क्षतिग्रस्त रपटों के स्थान पर नवीन पुलिया निर्माण के प्रस्तावों को शीघ्र स्वीकृति दिलाने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए, ताकि आवागमन सुगम एवं सुरक्षित बनाया जा सके।
ग्रामीण स्वास्थ्य अधोसंरचना में गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ग्राम लेंढोरी एवं कोंढाली में उप सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता संबंधी प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने कार्यपालन यंत्री को स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य स्वीकृत डीपीआर (DPR) एवं एस्टीमेट के अनुरूप ही पूर्ण कराए जाएं तथा गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए।
स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
स्वास्थ्य विभाग को किडनी डायलिसिस मशीन उपलब्ध होने पर बधाई दी गई। साथ ही निर्देश दिए गए कि डायलिसिस सुविधा को सुचारू, नियमित एवं जनहितैषी रूप से संचालित किया जाए, ताकि जरूरतमंद मरीजों को बेहतर उपचार सुविधा मिल सके।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने स्वास्थ्य विभाग को ‘सड़क दुर्घटना पीड़ित नगदी रहित उपचार योजना 2025’ का प्रभावी एवं व्यापक क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि दुर्घटना पीड़ितों को त्वरित एवं नि:शुल्क उपचार सुविधा उपलब्ध हो सके।
लाड़ली बहना योजना के लंबित प्रकरणों पर कार्रवाई
लाड़ली बहना योजना की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने बताया कि डी-लिंक होने के कारण लंबित 52 हितग्राहियों के प्रकरणों की जानकारी जिला कार्यक्रम अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही के लिए भेज दी गई है, ताकि पात्र हितग्राहियों को शीघ्र लाभ मिल सके।

अवैध गतिविधियों पर सख्त निगरानी
बैठक में आबकारी विभाग द्वारा की गई कार्रवाई की जानकारी प्रस्तुत की गई। ग्राम मरकावाड़ा में अवैध शराब निर्माण स्थलों पर की गई छापामार कार्रवाई के दौरान 900 किलो महुआ लाहन नष्ट किया गया तथा 03 प्रकरण दर्ज किए गए।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन एवं संग्रहण पर सतत निगरानी रखने तथा कठोर कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए संबंधित अधिकारियों को बधाई दी गई तथा और अधिक प्रभावी कार्रवाई एवं कार्य निष्पादन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
पेयजल योजनाओं के सत्यापन में तेजी, पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में शीघ्र जल आपूर्ति के निर्देश
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पेयजल योजनाओं के सत्यापन की प्रक्रिया पूर्ण करने तथा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय में शीघ्र जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना के अंतर्गत सोलर पंप स्थापना समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश
‘प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना’ के अंतर्गत सोलर पंप स्थापना की गतिविधियों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने के लिए कृषि विभाग को निर्देशित किया गया।
लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर बल
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि ‘पीएम श्रम योगी मानधन योजना’ एवं ‘मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (181)’ के 500 एवं 1000 दिनों से अधिक समय से लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि आगामी समय-सीमा बैठक तक सभी प्राप्त आवेदनों पर अनिवार्य रूप से प्रतिवेदन प्रस्तुत किया जाए।
सफलता की कहानियों पर जोर
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी विभागों को अपनी उपलब्धियों एवं नवाचारों से संबंधित सफलता की कहानियाँ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। कृषि विभाग एवं पंचायत विभाग द्वारा प्रस्तुत सफलता की कहानियों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी गई।
बैठक में अपर कलेक्टर श्री नीलमणि अग्निहोत्री, एसडीएम श्रीमती अलका एक्का, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मेघा शर्मा एवं नेहा सोनी सहित सभी संबंधित विभागों के जिला प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।