
10 फरवरी, 2026
डिंडौरी जनगणना-2027 के सफल एवं प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से आज कलेक्ट्रेट सभागार में समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्य को डिजिटल मोड में संचालित करने से संबंधित प्रमुख बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए सभी संबंधित विभागों को निर्धारित समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान जनगणना कार्य निदेशालय से जिला डिंडौरी के प्रभारी जयदीप नंदनवार द्वारा जनगणना की प्रक्रिया, डिजिटल डेटा संकलन, समन्वय व्यवस्था एवं विभागीय दायित्वों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। उन्होंने जनगणना के विभिन्न चरणों, तकनीकी पहलुओं तथा समयबद्ध कार्यप्रणाली पर विशेष रूप से मार्गदर्शन दिया।
समन्वय समिति की बैठक में पदाभिहीत सदस्य अपर कलेक्टर जेपी यादव, जिला योजना अधिकारी, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी (DIO), जिला शिक्षा अधिकारी (DEO), परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण (DUDA) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर जनगणना कार्य को सुचारू, पारदर्शी एवं समयबद्ध रूप से संपन्न कराने पर जोर दिया गया।