
जमशेदपुर | 16 जनवरी 2026
आज दिनांक 16 जनवरी 2026 को अपराह्न 3:30 बजे टाटा मोटर्स कंवाई चालक संगठन, जमशेदपुर के एक प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक आयोग के माननीय अध्यक्ष श्री हिदायतुल्ला खान से उनके सरकारी कार्यक्रम के दौरान जमशेदपुर परिसदन (सर्किट हाउस) में मुलाकात की।
इस दौरान संगठन द्वारा 1 मार्च 2024 से जारी कंवाई चालकों के धरना-आंदोलन से संबंधित सभी बिंदुओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा अपनी न्यायोचित मांगों को लेकर एक मांग पत्र माननीय अध्यक्ष को सौंपा गया।
वार्ता के दौरान माननीय अध्यक्ष श्री हिदायतुल्ला खान ने कंवाई चालकों की मांगों को पूरी तरह जायज़ बताते हुए कहा कि “आप लोगों की मांगों का अब तक समाधान न होना हम सभी के लिए शर्म की बात है।” उन्होंने यह भी स्मरण किया कि अपने युवावस्था के दिनों में वे स्वयं टाटा मोटर्स के कंवाई चालकों के संघर्ष से जुड़े रहे हैं और उस समय झारखंड मुक्ति मोर्चा भी इस आंदोलन के साथ खड़ा था।
माननीय अध्यक्ष ने कहा कि कंवाई चालकों का संघर्ष बेकार नहीं जाएगा और जो आवेदन उन्हें सौंपा गया है, उस पर सरकार द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि “आप लोगों की मांग ‘कानून लागू करो’ जैसी गंभीर मांग है, यह कोई छोटी बात नहीं है। पिछले दो वर्षों से जारी धरने ने आपकी मांगों को और भी मजबूत व गंभीर बना दिया है।”
उन्होंने कंवाई चालकों के निरंतर संघर्ष को सलाम करते हुए उनके धैर्य और प्रतिबद्धता की सराहना की। एक मंत्री पद पर आसीन वरिष्ठ जनप्रतिनिधि द्वारा इस प्रकार का स्पष्ट और सकारात्मक वक्तव्य दिए जाने पर वहां उपस्थित सभी लोगों ने इसका स्वागत किया। इस मुलाकात से कंवाई चालक संगठन को यह भरोसा भी मिला कि आज भी ऐसे अधिकारी मौजूद हैं जो न्यायपूर्ण आंदोलनों को सही मानते हैं और उनका समर्थन करते हैं।
इस अवसर पर एन. रामचंद्र राव, मोहम्मद लतीफ, मोहम्मद सलीम, मोहम्मद इश्तियाक, हरिशंकर प्रसाद, त्रिलोकी चौधरी, बैजनाथ प्रसाद, निर्मल सिंह एवं ज्ञान सागर प्रसाद मांग पत्र सौंपने एवं वार्ता में शामिल रहे।
— टाटा मोटर्स कंवाई चालक संगठन,
जमशेदपुर, झारखंड
