बानसूर विधानसभा क्षेत्र में नई सड़क (बानसूर) से नयाबास (बानसूर) तक सड़क चौडाईकरण का कार्य किया जा रहा है। इस क्रम में ग्राम पंचायत श्यामपुरा द्वारा जारी नोटिस पर आमजन ने आपसी सहमति से अपने पक्के निर्माण स्वयं हटाए, जिसे करीब चार माह बीत चुके हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि श्यामपुरा आबादी क्षेत्र में पुरानी सीमेंटेड सड़क को तोड़कर छोड़ दिया गया, जिसके बाद से सड़क निर्माण कार्य बेहद धीमी गति से चल रहा है। बीते करीब 25 दिनों से कछुआ चाल से हो रहे कार्य के कारण आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया गया कि उक्त सड़क से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन होता है। सड़क पर फैली कीचड़ के बीच से छोटे बच्चों को स्कूल जाना पड़ रहा है। गंदे पानी के कारण वाहनों के गुजरने से पैदल चलने वाले राहगीरों के कपड़े खराब हो रहे हैं, जिससे उन्हें असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। वहीं महिलाएं एवं वृद्धजन सुबह के भ्रमण के दौरान फिसलने के डर से घर से बाहर निकलने में भी संकोच कर रहे हैं।
इस समस्या को लेकर ग्रामीणों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपते हुए मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए श्यामपुरा आबादी क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य को प्रथम प्राथमिकता के साथ शीघ्र पूरा कराया जाए, ताकि आमजन को हो रही परेशानी से राहत मिल सके। इस दौरान बालकिशन शर्मा, पुरुषोत्तम शर्मा, रामावतार प्रजापत, वैद्य बृजमोहन शर्मा, जयकिशन शर्मा , मनोहर लाल सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

