

*रेत खदानों का औचक निरीक्षण, दो वाहन जब्त*
कटनी | जिले में अवैध रेत खनन एवं परिवहन के विरुद्ध कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देश पर राजस्व, पुलिस एवं खनिज विभाग के संयुक्त दल ने बड़वारा एवं बरही तहसीलों में स्थित रेत खदानों का औचक निरीक्षण किया।
उपसंचालक खनिज अधिकारी श्री रत्नेश दीक्षित ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अधिकांश स्वीकृत खदानों में खनन कार्य बंद पाया गया। वहीं ग्राम नदावन–सुतरी क्षेत्र में बिना वैध दस्तावेजों के रेत का परिवहन करते हुए दो वाहनों को जब्त किया गया, जिन्हें बरही थाना परिसर में खड़ा कराया गया है।
संयुक्त दल ने खदानों के एप्रोच रोड का निरीक्षण कर उपलब्ध खनिज भंडार की जानकारी भी ली। निरीक्षण में एसडीएम विजयराघवगढ़ श्री विवेक गुप्ता, तहसीलदार बरही श्री प्रसन्न कुमार वर्मा, थाना प्रभारी बरही सहित खनिज विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।