

सिंगरौली पुलिस ने आयोजित की जनसुनवाई, फरियादियों की समस्याओं को सुना.
सिंगरौली पुलिस अधीक्षक कार्यालय में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा की अध्यक्षता में जनसुनवाई का आयोजन किया गया। इसमें जिले भर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी शिकायतें प्रस्तुत कीं और सीधे अधिकारियों से संवाद करने का अवसर पाया।
जनसुनवाई के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने प्रत्येक फरियादी की समस्या ध्यानपूर्वक सुनी और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। जिन शिकायतों का तत्काल समाधान संभव नहीं था, उन पर राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को त्वरित और वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
यहां यह कहना भी काफी जरूरी है कि जनसुनवाई में कई ऐसे आवेदन थे जो रीपीटेड पाए गए। यह साफ संकेत है कि थाना स्तर पर लोगों की समस्याओं को अभी तक बेहतरीन तरीके से नहीं सुना जाता। इस पर भी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने निर्देशित किया कि थाने स्तर पर भी हर शिकायत का समय पर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर पी.एस. परस्ते, थाना प्रभारी बैढ़न अशोक सिंह परिहार, थाना प्रभारी नवानगर कपूर त्रिपाठी, थाना प्रभारी विंध्यनगर अर्चना दिवेदी, महिला थाना प्रभारी आराधना सिंह परिहार, उप निरीक्षक स्वतंत्र रावत सहित पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।