
*पटवारी बोले-आदिवासियों के 1.20 लाख करोड़ दूसरी मदों में खर्चः कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा-भाजपा सरकार ने आदिवासियों के हक का पैसा छीना*
राहुल सेन मांडव
मो 9669141814
आलीराजपुर के डाबड़ी में आयोजित ‘आदिवासी अधिकार यात्रा’ के दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भाजपा सरकार पर आदिवासियों के हक का पैसा छीनने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि आदिवासियों के हित में तय किए गए 1 लाख 20 हजार करोड़ रुपए सरकार ने अन्य मदों में खर्चकर दिए हैं।
पटवारी ने मुख्यमंत्री मोहन यादव पर आदिवासियों के हक की रक्षा न करने और उनके साथ अन्याय और अत्याचार करने का आरोप लगाया। उन्होंने मुख्यमंत्री के हालिया बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि नेताओं की ‘औकात’ बदलती है, अधिकारियों की नहीं, और मुख्यमंत्री को अपने शब्दों को तोलना सीखना चाहिए।
*पटवारी बोले- आदिवासियों की जमीन छिनने देंगे*
कांग्रेस अध्यक्ष ने यह भी कहा कि कांग्रेस आदिवासियों की जमीन, जल और जंगल की एक इंच भी किसी को नहीं लेने देगी। उन्होंने इसे संविधान और हक की लड़ाई बताया, जिसमें कांग्रेस आदिवासियों के साथ खड़ी है। पटवारी ने भाजपा सरकार को ‘चोर सरकार’ बताते हुए चुनौती दी कि अगर भाजपा में एक भी मंत्री ईमानदार है तो सामने आए। उन्होंने दावा किया कि वह हर मंत्री का ‘चिट्ठा’ खोल देंगे।
*उमंग सिंघार बोले- दस्तावेज पेश करने पर नागर सिंह की जमीन खिसक जाएगी*
नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भी भाजपा नेताओं पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उनके पास सभी नेताओं के ‘काले चिट्ठे’ हैं, जिन्हें वे आने वाले समय में प्रमाण सहित जनता के सामने पेश करेंगे। सिंघार ने विशेष रूप से कैबिनेट मंत्री नागरसिंह चौहान को घेरते हुए कहा कि जिस दिन वे दस्तावेज पेश करेंगे, उस दिन नागर सिंह की ‘जमीन खिसक जाएगी’।
सभा में मौजूद ग्रामीणों ने तालियों और नारों से नेताओं के वक्तव्यों का जोरदार समर्थन किया। वक्ताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार ने आदिवासी अंचलों के विकास के नाम पर केवल खोखले वादे किए हैं, जबकि जमीनी स्तर पर जनता को कोई राहत नहीं मिली।
कार्यक्रम के अंत में जीतू पटवारी और उमंग सिंघार ने दोहराया कि कांग्रेस आदिवासी समाज के अधिकार, सम्मान और अस्तित्व की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेगी। कार्यक्रम में जोबट विधायक सेना पटेल, आदिवासी विकास परिषद के प्रदेश उपाध्यक्ष महेश पटेल ने भी संबोधित किया।