
रिपोर्टर मनमोहन गुप्ता कामां 9783029649
डीग जिले के कस्वा कामां में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल से कचरे के ढेर, नगर पालिका के खिलाफ प्रदर्शन
तीसरे दिन भी जारी रही हड़ताल,लाल दरवाजे पर धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया।
कामां नगर पालिका क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। जगह-जगह कचरे के ढेर लगे हुए हैं, जिससे कस्बे में गंदगी का आलम है। सफाई कर्मचारियों ने नगर पालिका अधिकारियों पर लापरवाही और उनकी मांगों पर ध्यान न देने का आरोप लगाया है।आज सफाई कर्मचारियों ने ऐतिहासिक लाल दरवाजे से नगर पालिका के खिलाफ नारेबाजी करते हुए एक रैली निकाली। उनकी मुख्य मांग न्यूनतम मजदूरी लागू करने की है। कर्मचारियों का कहना है कि वर्तमान में उन्हें मात्र 5,000 रुपये मासिक वेतन दिया जा रहा है, जो उनके गुजारे के लिए अपर्याप्त है। उन्होंने बताया कि जब उन्होंने अपनी मांगों को नगर पालिका अधिकारियों के सामने रखा, तो उनकी बात को उच्च स्तर तक नहीं पहुंचाया गया, जिसके चलते वे तीन दिनों से हड़ताल पर हैं।सफाई कर्मचारियों ने नगर पालिका कार्यालय पर एकत्र होकर पालिका अध्यक्ष गीता खंडेलवाल, अधिशासी अधिकारी नटवरलाल और ठेकेदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद रैली मुख्य बाजार से होती हुई लाल दरवाजे तक पहुंची, जहां कर्मचारियों ने धरना दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, हड़ताल जारी रहेगी।नगर पालिका क्षेत्र के सभी वार्डों में कचरे के ढेर जमा हो गए हैं, जिससे कस्बे वासियों में भी नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ रोष बढ़ रहा है ! लोगों और कर्मचारियों ने मांग की है कि नगर पालिका प्रशासन तत्काल इस मामले में हस्तक्षेप करे और सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों को पूरा करे, ताकि कस्बे में सफाई व्यवस्था बहाल हो सके। फिलहाल, हड़ताल के कारण कचरे के ढेर और गंदगी से कस्बे की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।