अखंड भारत न्यूज़ बड़वाह गोविंद सिंह चौहान की रिपोर्ट।
जिले में फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 की प्रक्रिया प्रारंभ
प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन, 11 दिसंबर तक दावे-आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी
जिले में 14 लाख 35 हजार 220 मतदाता, जेंडर रेशियो 976 दर्ज
खरगोन 12 नवंबर 2026। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटो निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के अंतर्गत जिले में प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन 12 नवंबर को किया गया। इस संबंध में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गुरु प्रसाद की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं प्रेस-मीडिया की संयुक्त बैठक आयोजित की गई।
4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत प्रारूप निर्वाचक नामावली के प्रकाशन के साथ ही दावे एवं आपत्तियां प्राप्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। नागरिक 11 दिसंबर 2026 तक अपने दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। इसके पश्चात 4 जनवरी 2027 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
जिले में 14 लाख 35 हजार 220 मतदाता दर्ज
बैठक में बताया गया कि जिले में कुल 14 लाख 35 हजार 220 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 7 लाख 26 हजार 350 पुरुष, 7 लाख 8 हजार 854 महिला एवं 16 अन्य मतदाता शामिल हैं। जिले में कुल 1 हजार 828 मतदान केंद्र हैं। जिले का ईपी रेशियो 61.90 प्रतिशत तथा जेंडर रेशियो 976 दर्ज किया गया है। जिले का जेंडर रेशियो राज्य के औसत 941 से 35 अंक अधिक है।
पिछली मतदाता सूची की तुलना में 24 हजार 605 मतदाताओं की वृद्धि
बैठक में बताया गया कि 23 दिसंबर 2025 की मतदाता सूची में जिले में 13 लाख 98 हजार 232 मतदाता थे, जबकि 21 फरवरी 2026 की अंतिम मतदाता सूची में यह संख्या 14 लाख 10 हजार 615 थी। वर्तमान प्रारूप मतदाता सूची में मतदाताओं की संख्या बढ़कर 14 लाख 35 हजार 220 हो गई है। इस प्रकार फरवरी 2026 की तुलना में 24 हजार 605 मतदाताओं की वृद्धि दर्ज की गई है।
मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण
बैठक में बताया गया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्धारित मानकों के अनुसार मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण किया गया है। जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में मतदान केंद्रों की व्यवस्था की गई है। विधानसभा क्षेत्र बड़वाह में कुल 13 मतदान केंद्रों में संशोधन किया गया है। इनमें 9 मतदान केंद्रों के नाम परिवर्तन तथा 4 मतदान केंद्रों के क्रमांक में बदलाव शामिल हैं।
बैठक में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की समय-सारणी, मतदाता सूची की सांख्यिकी, आयु वर्गवार मतदाता विश्लेषण तथा मतदान केंद्रों के युक्तियुक्तकरण से संबंधित जानकारी भी प्रस्तुत की गई।
बैठक में अपर कलेक्टर श्रीमती रेखा राठौर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री दिनेश सोनरतीया, संयुक्त कलेक्टर श्री वीरेंद्र कटारे, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों सहित मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।
