मौदहा (हमीरपुर)। कोतवाली मौदहा क्षेत्र में रीवन रोड पर नहर के पास एक युवक के साथ मारपीट कर नकदी और कीमती सामान छीनने का मामला सामने आया है।
पीड़ित आशीष पुत्र जगरूप निवासी रीवन गांव ने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई है। पीड़ित के अनुसार, सोमवार उसका छोटा भाई मौन चराने गया था।
उसका प्रसाद लेकर वह घर लौट रहा था। इसी दौरान रात करीब आठ बजे रीवन रोड पर नहर के पास अजय अपने तीन अन्य साथियों के साथ इको गाड़ी में बैठकर शराब पी रहा था।
आरोप है कि उक्त लोगों ने उसे रोक लिया और उसकी जेब में रखे 8300 रुपये, गले में पहनी चांदी की जंजीर, एक मोबाइल फोन तथा कान की बाली छीन ली। आशीष ने विरोध किया तो आरोपितों ने उसके साथ लात-घूंसों से मारपीट की।
पीड़ित का आरोप है कि शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए सभी लोग इको गाड़ी से मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई और अपना सामान वापस दिलाने की मांग की है।
