मौदहा, हमीरपुर। मानवता के नाते एक बाइक चालक ने नेत्रहीन श्रवण कुमार को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठाया था, लेकिन रास्ते में कपसा रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के समीप बाइक नीलगाय से टकरा गई।
हादसे में बाइक सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को मौदहा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया।
यहां प्राथमिक उपचार के बाद श्रवण कुमार की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, श्रवण कुमार (39) पुत्र स्वर्गीय रघुवीर सिंह, निवासी जसपुरा गांव, थाना पैलानी, जनपद बांदा, नेत्रहीन हैं और मौदहा कस्बे में लोगों से मदद मांगकर अपना भरण-पोषण करते हैं।
बताया जाता है कि बाइक चालक ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए उन्हें मोटरसाइकिल पर बैठा लिया था। इसी दौरान कपसा रोड रेलवे क्रॉसिंग के पास अचानक नीलगाय से बाइक की टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मोटरसाइकिल सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।
श्रवण कुमार की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटना के बाद घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की जा रही है।
