मौदहा (हमीरपुर)। रेलवे अधिकारियों द्वारा बिना किसी सार्वजनिक सूचना के मौदहा क्षेत्र स्थित रेलवे फाटक नंबर S14 को अवरुद्ध किए जाने से राहगीरों और आसपास के ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अचानक फाटक बंद होने से आवागमन प्रभावित हो गया है और लोगों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि रेलवे की ओर से फाटक बंद किए जाने से पहले किसी तरह की पूर्व सूचना सार्वजनिक नहीं की गई।
रेलवे कार्य का हवाला देकर कर्मचारियों ने मनमाने तरीके से फाटक को बंद कर दिया, जिससे रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि रेलवे को किसी कार्य के चलते फाटक बंद करना था तो पहले से सूचना जारी कर लोगों को अवगत कराया जाना चाहिए था, ताकि आवागमन के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की जा सके।
अचानक फाटक बंद किए जाने से ग्रामीणों में नाराजगी है। लोगों ने संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेकर फाटक पर आवागमन की व्यवस्था बहाल कराने अथवा स्पष्ट सूचना जारी करने की मांग की है।
