बानसूर। कस्बे के कोटपुतली बाईपास पर जलभराव की समस्या को लेकर नगरपालिका प्रशासन ने आज कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने एवं गंदे पानी की निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करने की पहल की। इस दौरान प्रशासन की ओर से दुकानों के बाहर किए गए स्थाई एवं अस्थाई अतिक्रमण को चिन्हित कर व्यापारियों को नोटिस जारी किए गए।
नगरपालिका चेयरमैन गिर्राज प्रसाद सैनी ने बताया कि नगरपालिका क्षेत्र में सार्वजनिक नालों एवं नालियों पर कुछ व्यापारियों द्वारा दुकानों के बाहर सामान रखकर स्थाई और अस्थाई अतिक्रमण कर रखा था। इसके चलते सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध हो रहे थे और आमजन को जाम सहित अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
उन्होंने बताया कि समस्या को गंभीरता से लेते हुए आज व्यापारियों को नोटिस जारी कर दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को हटाने के लिए पाबंद किया गया है। वहीं जेसीबी मशीन की सहायता से सड़क के दोनों ओर जमा मिट्टी को हटाकर पानी की निकासी करवाई गई।
नगरपालिका प्रशासन की इस कार्रवाई से बाईपास पर जलभराव की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है। प्रशासन ने सार्वजनिक मार्गों और नालों पर अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है।
