मौदहा (हमीरपुर)। मौदहा तहसील क्षेत्र में लगातार तीन दिनों तक हुई मूसलाधार बारिश से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित रहा।
कई स्थानों पर जलभराव और नदी-नालों के उफान के चलते ग्रामीणों का संपर्क तहसील मुख्यालय से टूट गया था। हालांकि रविवार से आसमान साफ होने और बारिश थमने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली है।
लगातार बारिश के चलते श्याम नाला उफान पर आ गया था। कपसा मार्ग पर नाले का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर बहने से आवागमन बाधित हो गया था।
इस दौरान सड़क पर एक ट्रक भी फंस गया था, जिसे प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर हटवा दिया। पानी अधिक होने के कारण दर्जनों गांवों का मौदहा तहसील मुख्यालय से संपर्क प्रभावित रहा।
बीते दो दिनों से बारिश न होने के कारण श्याम नाला का जलस्तर तेजी से घटा है। सड़क से पानी उतरने के बाद कपसा मार्ग पर आवागमन पूरी तरह बहाल हो गया है।
इससे ग्रामीणों और राहगीरों ने राहत की सांस ली है। हालांकि लगातार बारिश से हुए नुकसान के बाद ग्रामीण क्षेत्रों में हालात सामान्य होने में अभी समय लगने की बात कही जा रही है।
