संवाददाता निलेश कलसकर अखंड भारत न्यूज़ पांढुरना
पांढुर्णा, 27 अक्टूबर 2026।
अवैध हाथभट्टी महुआ शराब के निर्माण और विक्रय के खिलाफ आबकारी विभाग ने पांढुर्णा और सौंसर क्षेत्र में संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए बड़ी मात्रा में महुआ लाहन नष्ट किया और कच्ची शराब जब्त की।
कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ के निर्देशन एवं सहायक आबकारी आयुक्त बी.आर. वैद्य के मार्गदर्शन में आबकारी वृत्त पांढुर्णा के दल ने बिछुआ साहनी एवं देवनाला तथा सौंसर आबकारी दल ने सिल्लोरा एवं कुड्डम में दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान जंगल, नालों और झाड़ियों के समीप अवैध शराब बनाने के लिए छिपाकर रखा गया कुल 2700 किलोग्राम महुआ लाहन नष्ट किया गया। वहीं चालू भट्टी सहित करीब 50 बल्क लीटर हाथभट्टी महुआ शराब जब्त की गई।
मामलों में मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(1)(च) के तहत कुल चार प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई है।
आबकारी विभाग की लगातार कार्रवाई से अवैध शराब निर्माण में लगे लोगों में हड़कंप की स्थिति है। विभाग द्वारा जंगल एवं ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह की गतिविधियों पर निगरानी और कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है।
