गणेश पाण्डे , अखंड भारत समाचार डिण्डौरी 27 अक्टूबर 2026
डिण्डौरी (करंजिया) दिनांक 23 अक्टूबर 2026 को चौकी गोपालपुर, थाना करंजिया क्षेत्रांतर्गत ग्राम झनकी के साप्ताहिक बाजार में ईको वाहन क्रमांक MP 52 ZA 3745 के चालक द्वारा कथित रूप से जानबूझकर भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में वाहन घुसा दिया गया। घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो गई तथा तीन व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार हेतु अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान एक अन्य घायल व्यक्ति की भी मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना प्राप्त होते ही थाना करंजिया पुलिस द्वारा तत्काल कार्रवाई करते हुए अपराध क्रमांक 227/26, धारा 106(1),105, 125(a) एवं 281 भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
प्रकरण की विवेचना के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) के निर्देशानुसार तथा थाना प्रभारी निरीक्षक एस.एस. उसराठे के मार्गदर्शन में फरियादी एवं साक्षियों के कथन लेखबद्ध किए गए।
प्रकरण में कार्रवाई करते हुए दिनांक 27 अक्टूबर 2026 को आरोपी सुरजीत मरावी, पिता परषोतम मरावी, उम्र 25 वर्ष, निवासी करौंदी रैयत, चौकी गोपालपुर, थाना करंजिया, जिला डिण्डौरी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी को माननीय न्यायालय से रिमांड पर जिला जेल दाखिल किया गया।
