संवाददाता निलेश कलसकर अखंड भारत न्यूज़ पांढुर्णा
4 अक्टूबर को पांढुर्णा आएंगे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
पांढुर्णा। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 4 अक्टूबर को पांढुर्णा जिले के प्रवास पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को मोरघाट में कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कार्यक्रम की व्यवस्थाओं की समीक्षा की और विभागवार दायित्व सौंपे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री सांदीपनी स्कूल का भ्रमण, जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक तथा 'सेवा मेरा योगदान' गतिविधि में शामिल होंगे। कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थलों पर सुरक्षा, यातायात, बैठक व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियां समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसपी प्रकाश चंद्र परिहार, जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार, डीएफओ सचिन नडुगडी, अपर कलेक्टर ज्योति ठाकुर, संयुक्त कलेक्टर मेघा शर्मा, नेहा सोनी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।