मौदहा (हमीरपुर)। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के प्रांतीय आह्वान पर तहसील मौदहा के लेखपालों ने विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन तेज कर दिया है।
शनिवार को लेखपालों ने संपूर्ण समाधान दिवस का बहिष्कार करते हुए तहसील परिसर स्थित धरना स्थल पर सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक धरना दिया। संघ की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार 22 सितंबर 2026 से लेखपाल एवं संबंधित राजस्व कर्मियों द्वारा अतिरिक्त कार्यों के बहिष्कार का निर्णय लिया गया है।
संघ का कहना है कि शासन स्तर पर लेखपालों की आठ सूत्रीय मांगें लंबित हैं। इनमें 2800 रुपये ग्रेड पे, वेतन विसंगति दूर करने, डीपीसी तथा अंतरजनपदीय स्थानांतरण सहित अन्य मांगें शामिल हैं।
संघ ने मांगों के समर्थन में चरणबद्ध आंदोलन की घोषणा की है। इसके तहत 8 अक्टूबर को ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार, 10 अक्टूबर को थाना दिवस में काली पट्टी बांधकर कार्य, 12 अक्टूबर को तहसील एवं जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन, 14 अक्टूबर को मोटरसाइकिल रैली, 17 अक्टूबर को तहसील मुख्यालय पर धरना तथा 24 अक्टूबर को जिला मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
धरने में जिलाध्यक्ष हमीरपुर सत्यप्रकाश आर्य, खण्डमंत्री मण्डल बाँदा योगेंद्र प्रसाद, तहसील मंत्री सत्यम अवस्थी, पूर्व जिलाध्यक्ष देवी प्रसाद, प्रदीप तिवारी,वसुंधरा यादव, दीपांशी, स्वेता साहू, साधना सिंह आदि उपस्थित रहे।
