जौनपुर (संवाददाता मनोज कुमार):
मौसम विभाग ने जौनपुर समेत उत्तर प्रदेश के 50 से अधिक जनपदों में 26 एवं 27 सितंबर को भारी से अत्यधिक भारी वर्षा को लेकर ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। इस दौरान मेघगर्जन, वज्रपात (आकाशीय बिजली) और 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की प्रबल आशंका जताई गई है।
मौसम के गंभीर रुख को देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह सतर्क हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मानसूनी दबाव के चलते पूर्वांचल, मध्य यूपी और बुंदेलखंड के अधिकांश हिस्सों में अगले 48 घंटे काफी संवेदनशील रहेंगे।
जौनपुर, वाराणसी, प्रयागराज, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, चंदौली, मिर्जापुर, सोनभद्र, भदोही, प्रतापगढ़, कौशांबी, लखनऊ, कानपुर, गोरखपुर, अयोध्या समेत आसपास के इलाकों में मूसलाधार बारिश के आसार हैं। सुरक्षा को लेकर प्रशासन की अपील:
अनावश्यक यात्रा से बचें और अति आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें।
मेघगर्जन और आकाशीय बिजली के समय बड़े पेड़ों, बिजली के खंभों, तारों और जर्जर दीवारों के नीचे कतई शरण न लें। खेतों या खुले स्थानों पर काम कर रहे किसान मौसम बिगड़ते ही तुरंत पक्के व सुरक्षित भवनों की ओर चले जाएं।
जलभराव, उफनते नालों और पुलियों के पास जाने से परहेज करें तथा प्रशासनिक निर्देशों का पालन करें।