केराकत (जौनपुर): विधानसभा क्षेत्र 372 केराकत में रोडवेज बस डिपो की स्थापना की मांग ने अब जोर पकड़ लिया है। दशकों पुराने इस बुनियादी मुद्दे को लेकर स्थानीय स्तर पर जन-अभियान तेज करने की रूपरेखा तैयार की गई है।
'केराकत रोडवेज डिपो संघर्ष समिति' के बैनर तले इस बार आर-पार की लड़ाई का आह्वान किया गया है। संघर्ष समिति की ओर से अधिवक्ता अनिल सोनकर गांगुली ने क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं, अधिवक्ताओं, पत्रकारों और आम जनता से एकजुट होने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासी पिछले 80 वर्षों से सिर्फ आश्वासनों के सहारे हैं, लेकिन अब सिर्फ खोखले वादों से काम नहीं चलेगा। केराकत के समग्र विकास के लिए सीधे सार्वजनिक परिवहन और रोडवेज डिपो की स्थापना बेहद अनिवार्य है।
हस्ताक्षर अभियान से बनेगी रणनीति
संघर्ष को धार देने के लिए समिति ने व्यापक स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाने का निर्णय लिया है। अभियान के तहत आम जनमानस को जोड़ने और उनका समर्थन दर्ज कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर (9838420090) भी जारी किया गया है, जिस पर कॉल या व्हाट्सएप के जरिए नागरिक अपनी सहमति और भागीदारी दर्ज करा सकते हैं।
समिति के पदाधिकारियों का कहना है कि "डिपो नहीं तो विकास नहीं" के संकल्प के साथ इस आवाज को शासन-प्रशासन तक मजबूती से पहुंचाया जाएगा, ताकि स्थानीय यात्रियों और छात्र-छात्राओं को रोजाना होने वाली आवागमन की दिक्कतों से स्थायी मुक्ति मिल सके।
