पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने हरी झंडी दिखाकर मोबाइल फॉरेंसिक वैन को कार्यस्थल के लिए किया रवाना
डिण्डौरी पुलिस मुख्यालय भोपाल की तकनीकी शाखा द्वारा मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों में पदस्थ जिला वैज्ञानिक अधिकारियों को आपराधिक घटनाओं के घटनास्थल पर वैज्ञानिक साक्ष्यों के त्वरित, व्यवस्थित एवं सुरक्षित संकलन हेतु मोबाइल फॉरेंसिक वैन उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी क्रम में डिण्डौरी पुलिस को आवंटित अत्याधुनिक मोबाइल फॉरेंसिक वैन को आज दिनांक 19 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक डिण्डौरी आशीष खरे द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय डिण्डौरी से हरी झंडी दिखाकर कार्यस्थल के लिए रवाना किया गया।
इस अवसर पर एसडीओपी डिण्डौरी सतीश द्विवेदी, एसडीओपी बजाग विवेक कुमार गौतम, रक्षित निरीक्षक अखिल द्विवेदी, थाना प्रभारी कोतवाली दुर्गाप्रसाद नगपुरे, एमटीओ शंभू मरावी सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
गंभीर अपराधों के अनुसंधान में मिलेगी महत्वपूर्ण सहायता
पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने मोबाइल फॉरेंसिक वैन के प्राप्त होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस अत्याधुनिक सुविधा से जिले में गंभीर आपराधिक घटनाओं के घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्यों के त्वरित एवं प्रभावी संकलन को नई गति मिलेगी। घटनास्थल पर ही वैज्ञानिक साक्ष्यों का व्यवस्थित दस्तावेजीकरण, संग्रहण एवं आवश्यक प्राथमिक परीक्षण किए जाने से अपराधों के वैज्ञानिक अनुसंधान तथा आरोपियों की पतासाजी में महत्वपूर्ण सहायता प्राप्त होगी। साथ ही, वैज्ञानिक साक्ष्यों का उचित संकलन एवं संरक्षण न्यायालयीन प्रक्रिया में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
हत्या, लूट, चोरी, नकबजनी सहित गंभीर अपराधों में उपयोगी
मोबाइल फॉरेंसिक वैन का उपयोग हत्या, लूट, चोरी, नकबजनी, बलात्कार सहित गंभीर आपराधिक प्रकरणों तथा अज्ञात मृतकों से संबंधित घटनास्थलों के निरीक्षण के दौरान किया जाएगा।
जिला वैज्ञानिक अधिकारी एवं संबंधित विशेषज्ञों द्वारा घटनास्थल पर उपलब्ध भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों का सुरक्षित एवं वैज्ञानिक तरीके से संकलन, संरक्षण, पैकेजिंग तथा आवश्यक दस्तावेजीकरण मौके पर ही अधिक प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा।
अत्याधुनिक उपकरणों से सुसज्जित है मोबाइल फॉरेंसिक वैन
मोबाइल फॉरेंसिक वैन में घटनास्थल के वैज्ञानिक निरीक्षण एवं साक्ष्य संकलन के लिए विभिन्न आधुनिक उपकरण एवं किट उपलब्ध हैं, जिनमें प्रमुख रूप से—
सीसीटीवी कैमरा एवं निगरानी संबंधी उपकरण
लैपटॉप एवं प्रिंटर
डीएसएलआर कैमरा
विभिन्न प्रकार की इन्वेस्टिगेशन किट
डीएनए परीक्षण एवं सैंपल कलेक्शन किट
फिंगरप्रिंट किट
सैंपल कलेक्शन एवं पैकेजिंग सामग्री
नारकोटिक्स डिटेक्शन किट
घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन हेतु आवश्यक अन्य उपकरण एवं सामग्री शामिल हैं।
इन संसाधनों की सहायता से घटनास्थल की फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी, फिंगरप्रिंट सहित विभिन्न प्रकार के वैज्ञानिक साक्ष्यों का संकलन, नमूनों का सुरक्षित संग्रहण एवं पैकेजिंग तथा आवश्यक प्राथमिक वैज्ञानिक परीक्षण की कार्यवाही अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी तरीके से की जा सकेगी।
आधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के उपयोग पर जोर
पुलिस अधीक्षक आशीष खरे ने बताया कि डिण्डौरी पुलिस द्वारा अपराध अनुसंधान में आधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक साक्ष्यों के अधिकाधिक उपयोग की दिशा में मोबाइल फॉरेंसिक वैन को एक महत्वपूर्ण संसाधन के रूप में उपयोग किया जाएगा। इसका उद्देश्य घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्यों को समय पर सुरक्षित एवं व्यवस्थित रूप से संकलित कर अपराध अनुसंधान की गुणवत्ता को और अधिक प्रभावी बनाना है।
