हमीरपुर। शासन की मंशा के अनुरूप जनसामान्य की समस्याओं एवं शिकायतों के त्वरित और प्रभावी समाधान के लिए आज जनपद की सभी तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित किया गया। तहसील हमीरपुर में जिलाधिकारी श्री अभिषेक गोयल एवं पुलिस अधीक्षक श्री मृगांक शेखर पाठक सहित संबंधित अधिकारियों द्वारा जनसामान्य की समस्याएं सुनी गईं तथा मौके पर ही पात्र प्रकरणों में आवश्यक कार्रवाई कराई गई।
तहसीलवार प्राप्त शिकायतों एवं निस्तारण के क्रम में तहसील हमीरपुर में कुल 35 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 05 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। तहसील सरीला में 30 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 06 का मौके पर निस्तारण किया गया। इसी प्रकार तहसील मौदहा में 36 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 05 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया। तहसील राठ में कुल 47 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 08 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया। इस प्रकार जनपद की चारों तहसीलों में कुल 148 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 24 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया।
*हमीरपुर तहसील में सीसीटीवी व्यवस्था का शुभारंभ*
तहसील हमीरपुर में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी द्वारा तहसील परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरा व्यवस्था का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी ने सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए सीसीटीवी कैमरों के प्रभावी संचालन एवं नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।इसी दौरान दो फरियादियों की खतौनी में तत्काल आवश्यक शुद्धि कराकर उन्हें शुद्ध खतौनी उपलब्ध कराई गई, जिससे दोनों फरियादियों को मौके पर ही राहत मिली।
*सरीला में कृषक दुर्घटना बीमा योजना के दो लाभार्थी लाभान्वित*
तहसील सरीला में संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कृषक दुर्घटना बीमा योजना के दो लाभार्थियों को नियमानुसार लाभान्वित किया गया। संबंधित अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
*शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर जोर*
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों का निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। केवल औपचारिकता के लिए शिकायतों का निस्तारण न किया जाए, बल्कि शिकायतकर्ता की समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की स्वयं समीक्षा करने तथा निस्तारण के संबंध में शिकायतकर्ता से फीडबैक प्राप्त करने के भी निर्देश दिए।
संपूर्ण समाधान दिवस में राजस्व, पुलिस, विकास, विद्युत, कृषि, आपूर्ति, समाज कल्याण सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं। संबंधित अधिकारियों द्वारा शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुनते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश एवं कार्रवाई सुनिश्चित की गई।
