रामनगर (जौनपुर)। नेवढ़िया थाना क्षेत्र के सैदुपुर गांव में शुक्रवार दोपहर जमीन के पुराने विवाद ने खूनी रूप ले लिया।
खेत से उड़द की फसल लाने को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद एक युवक ने कुल्हाड़ी से वार कर अपनी सगी बहन और वृद्ध मां की बेरहमी से हत्या कर दी। दिल दहला देने वाली इस वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
फसल ढुलाई को लेकर शुरू हुआ विवाद
जानकारी के अनुसार, सैदुपुर निवासी भूपेंद्र पटेल और उसकी बहन गौरा देवी (45) के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर लंबे समय से रंजिश चल रही थी। शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे गौरा देवी खेत से उड़द की फसल ढोने के लिए सगड़ी (हाथ ठेला) ले जाने की बात कह रही थीं।
इसी बात को लेकर भाई-बहन के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। बचाने आई मां पर भी किया हमला
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर भूपेंद्र ने पास रखी कुल्हाड़ी से गौरा देवी पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
चीख-पुकार सुनकर 70 वर्षीय मां शीतला देवी जब बेटी को बचाने दौड़ीं, तो आरोपी ने उन पर भी कुल्हाड़ी से जानलेवा वार कर दिया। सिर और गर्दन पर गंभीर चोटें लगने से मां-बेटी दोनों की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई।
अधिकारियों ने लिया घटनास्थल का जायजा
दोहरे हत्याकांड की खबर से गांव में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही नेवढ़िया थाना पुलिस के साथ एसपी ग्रामीण अतिश कुमार सिंह, सीओ मछलीशहर परमानंद कुशवाहा और सीओ मड़ियाहूं विजय चौधरी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस का बयान
एसपी ग्रामीण अतिश कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिक जांच में जमीन विवाद के चलते मां-बेटी की हत्या का मामला सामने आया है।
घटनास्थल का मुआयना कर परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की गई है। आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
