बलराम जयंती पर भारतीय किसान संघ ने प्रधानमंत्री मुख्यमंत्री कलेक्टर के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन.. कृषि लागत घटाने और उपज का उचित मूल्य दिलाने की मांग….
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। किसानों की ज्वलंत समस्याओं के निराकरण, कृषि लागत कम करने और उपज का उचित मूल्य दिलाने सहित कृषि, सिंचाई, विद्युत एवं राजस्व से जुड़े मुद्दों को लेकर भारतीय किसान संघ ने भगवान बलराम जयंती पर मुख्यमंत्री के नाम एसडीएम कार्यालय में 38 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। इसमें फसल बीमा, खाद-बीज, समर्थन मूल्य, सिंचाई, बिजली और राजस्व से जुड़े प्रमुख मुद्दे उठाए गए। ज्ञापन में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के दावों के भुगतान में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई। जिले की वास्तविक उपज, निर्धारित सीमा उपज तथा उपज में कमी से संबंधित रिपोर्ट किसानों को उपलब्ध कराने, उपग्रह आधारित आकलन के स्थान पर फसल कटाई प्रयोग को प्रभावी बनाने तथा केला एवं मिर्च को भी फसल बीमा योजना में शामिल करने की मांग रखी गई।
मंडियों में एमएसपी खरीदी और निगरानी की मांग..
सभी कृषि उपज मंडियों में समर्थन मूल्य पर खरीदी सुनिश्चित करने के लिए आधुनिक मानक परीक्षण, गुणवत्ता जांच एवं श्रेणी निर्धारण की मशीनें लगाने की मांग की गई। ट्रैक्टर-ट्रालियों को बड़े तौल कांटे पर तौलने और मंडियों में लगे निगरानी कैमरों को 24 घंटे चालू रखने की बात कही गई। सोयाबीन के साथ धान, मक्का, ज्वार एवं बाजरा की भी समर्थन मूल्य पर सरकारी खरीदी शुरू करने की मांग ज्ञापन में शामिल है।
खाद की उपलब्धता, अनुदान और गुणवत्ता जांच पर जोर…
भारतीय किसान संघ ने पिछले दो माह में रासायनिक उर्वरकों की उपलब्धता को लेकर किसानों को हुई परेशानी का मुद्दा भी उठाया। पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराने, एनपीके उर्वरक पर डीएपी के समान अनुदान देने और वितरण व्यवस्था सरल बनाने की मांग की गई, ताकि किसानों को समय पर खाद मिल सके। अमानक बीज, खाद एवं अन्य कृषि आदानों की गुणवत्ता जांच प्रभावी करने तथा दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की गई।
सिंचाई परियोजनाओं और नहरों की मरम्मत की मांग…
सिंचाई से जुड़े मुद्दों में बंद पड़ी सिंचाई परियोजनाओं को जल्द पूरा करने तथा नहरों की मरम्मत एवं सफाई समय पूर्व कराने की मांग रखी गई। किसानों को सिंचाई सुविधा समय पर उपलब्ध कराने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई।
ट्रांसफार्मर क्षमता बढ़ाने और रबी में पर्याप्त बिजली देने की मांग…
अधिक भार वाले ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, प्रत्येक स्तर पर ट्रांसफार्मर बैंक बनाने, कृषि क्षेत्र में नए स्थायी बिजली कनेक्शन देने तथा आगामी रबी सीजन में निर्धारित मापदंड के अनुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की गई।
नामांतरण से लेकर खेतों के रास्तों तक उठाए राजस्व मुद्दे.
राजस्व संबंधी मांगों में रजिस्ट्री के साथ ही नामांतरण प्रक्रिया पूरी कर दस्तावेज उपलब्ध कराने, खेतों के परंपरागत रास्तों का नक्शे में अंकन करने, खेत सड़क योजना शुरू करने तथा फौती नामांतरण तत्काल करने की मांग प्रमुख रही। इस दौरान भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी, सदस्य एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे और उचित कार्यवाही की मांग की गई।
