
जहानाबाद। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में बुधवार को शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक हुई। इसमें पीएम पोषण योजना, शैक्षणिक गुणवत्ता, पोषण वाटिका, बच्चों के नामांकन और आधुनिक शिक्षण व्यवस्था की प्रगति की समीक्षा की गई। डीएम ने योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के साथ लापरवाही बरतने वालों पर कार्रवाई का निर्देश दिया। बैठक में पीएम पोषण योजना की समीक्षा के दौरान जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को जिला सहकारिता पदाधिकारी से समन्वय कर विद्यालयों में ताजी और हरी सब्जियों की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित कराने को कहा गया। इसके लिए प्रखंडों में कार्यरत प्राथमिक सब्जी उत्पादक सहयोग समितियों से विद्यालयों को जोड़ने का निर्देश दिया गया। इससे बच्चों को पौष्टिक भोजन मिलने के साथ स्थानीय किसानों को बाजार उपलब्ध हो सकेगा।
विद्यालयों में पोषण सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए VB-G RAM G के सहयोग से जिले में 142 नई पोषण वाटिका विकसित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। पीएम पोषण योजना में अनियमितता मिलने पर 16 विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। वहीं सात विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता असंतोषजनक पाए जाने पर संबंधित प्रधानाध्यापकों से जवाब-तलब करते हुए वेतन स्थगन की कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। गंभीर मामलों में दोषी कर्मियों को चिह्नित कर नियमानुसार विभागीय कार्रवाई करने को कहा गया।
सर्वव्यापीकरण अभियान के तहत 413 चिन्हित बच्चों में से 363 का विद्यालय में नामांकन कराकर पठन-पाठन शुरू करा दिया गया है। डीएम ने शेष बच्चों का भी शीघ्र नामांकन कराने का निर्देश दिया।
बैठक में जिले के 14 पीएम श्री विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण मार्शल आर्ट एवं कराटे प्रशिक्षण तथा सात सरस्वती विद्या निकेतनों में स्मार्ट क्लास और लाइव क्लास के प्रभावी संचालन पर भी चर्चा हुई। डीएम ने विद्यार्थियों को आधुनिक एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी पीएम पोषण गोविंद कुमार सहित शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।

