A2Z सभी खबर सभी जिले की

रामपुर: आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर ED की रेड, 10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

रामपुर: आजम खान की जौहर यूनिवर्सिटी पर ED की रेड, 10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी

 

 

रामपुर। जेल में बंद समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान की मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी पर बुधवार सुबह प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छापेमारी की। सुबह करीब 7 बजे तीन गाड़ियों से पहुंची करीब 15 अधिकारियों की टीम यूनिवर्सिटी परिसर में दाखिल हुई और दस्तावेजों समेत अन्य रिकॉर्ड खंगालना शुरू किया। सुरक्षा के मद्देनजर यूनिवर्सिटी के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, परिसर में कक्षाएं भी चलती रहीं।

Related Articles

 

बताया जा रहा है कि ED की कार्रवाई रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली में करीब 10 ठिकानों पर एक साथ चल रही है। इनमें आजम खान और जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े ट्रस्ट के परिसरों के अलावा सहारनपुर के CA दीपक गुप्ता के कार्यालय और आवास भी शामिल बताए जा रहे हैं।

 

प्रवर्तन निदेशालय प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA) के तहत मामले की जांच कर रहा है। जांच एजेंसी इस बात की पड़ताल कर रही है कि सरकारी ठेकों से प्राप्त धन कथित तौर पर किन लोगों और कंपनियों के माध्यम से जौहर यूनिवर्सिटी या उससे जुड़े ट्रस्ट तक पहुंचा।

 

आरोप है कि सरकारी ठेकों से मिले पैसों का इस्तेमाल कथित तौर पर यूनिवर्सिटी की संपत्तियों के निर्माण और अन्य कार्यों में किया गया। ED की टीम छापेमारी के दौरान दस्तावेजों और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है।

 

गौरतलब है कि पिछले कुछ समय से जौहर यूनिवर्सिटी लगातार सुर्खियों में है। 15 जुलाई को रामपुर प्रशासन ने यूनिवर्सिटी की 40 में से 38 इमारतों को ध्वस्त करने का आदेश जारी किया था।

 

प्रशासन का आरोप था कि इन इमारतों का निर्माण बिना स्वीकृत नक्शे के कराया गया।

हालांकि, इस आदेश के खिलाफ मामला मुरादाबाद मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह की अदालत पहुंचा, जहां रामपुर जिलाधिकारी के ध्वस्तीकरण आदेश पर रोक लगा दी गई थी। यूनिवर्सिटी से जुड़ा मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है।

ED की ताजा कार्रवाई के बाद जौहर यूनिवर्सिटी एक बार फिर राजनीतिक और प्रशासनिक चर्चाओं के केंद्र में आ गई है।

Show More
Back to top button