मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
राठ हमीरपुर । राठ कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह सेना रोड पर दो स्कूल बसों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में करीब आधा दर्जन छात्राएं घायल हो गईं। सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत सामान्य बताई।
बताया गया कि हादसा सुबह करीब आठ बजे आरपी गुरुकुल और पीएसएन इंटर कॉलेज आमगांव की बसों के बीच हुआ। आरपी गुरुकुल की बस में कोई छात्र सवार नहीं था, जबकि पीएसएन इंटर कॉलेज की बस में 19 बच्चे सवार थे। टक्कर के बाद स्नेहा (15), मानसी (13), साक्षी (12), करिश्मा (12), रिया (13) और संजौती (14) घायल हो गईं। बस चालक हरचरण यादव ने एंबुलेंस की मदद से घायल छात्राओं को अस्पताल पहुंचाया।
पीएसएन इंटर कॉलेज बस चालक के मुताबिक, आरपी गुरुकुल की बस का टायर फटने से वह अनियंत्रित होकर सामने से आ रही बस से टकरा गई। हादसे के बाद दूसरी बस का चालक मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री ने लिया हादसे का संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्कूल बस दुर्घटना का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को घायल बच्चों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से परिजनों से संवाद कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को कहा। मुख्यमंत्री ने घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

