*लाश पर राजनीति न करें, पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने में सहयोग करें : बिंदेश्वरी प्रसाद तिवारी*
प्रतापगढ़। लीलापुर कोतवाली क्षेत्र में सौरभ विश्वकर्मा हत्याकांड को लेकर बॉयज एंड गर्ल्स स्कूल के अध्यक्ष एवं सुप्रीम कोर्ट के अधिवक्ता बिंदेश्वरी प्रसाद तिवारी का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने कहा कि जिस तरह मृतक के शव को लेकर राजनीति की जा रही है, वह बेहद दुखद और अन्यायपूर्ण है। उन्होंने सौरभ विश्वकर्मा को सभ्य, सुशील और सज्जन प
रिवार का युवक बताते हुए कहा कि उसकी ससुराल उनके गांव में है।
बिंदेश्वरी प्रसाद तिवारी ने क्षेत्रीय विधायक और अन्य नेताओं से अपील की कि मृतक चाहे किसी भी समाज से आता हो, उसके नाम पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने लोगों से न्यायालय, जिला प्रशासन, पुलिस अधीक्षक और अपर पुलिस अधीक्षक पर भरोसा रखने की अपील की।
उन्होंने कहा कि लीलापुर एसएचओ और सीओ सिटी से बहस या भिड़ंत करने से पुलिस को निष्पक्ष कार्रवाई करने में कठिनाई हो सकती है। नेताओं से उन्होंने पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने और हरसंभव मदद करने का अनुरोध किया।
उन्होंने मीडिया कर्मियों से भी अपील की कि ऐसे वीडियो साझा न करें, जिनसे जांच और प्रशासनिक कार्रवाई प्रभावित हो। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की कि मामले में शामिल सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए मुकदमे का शीघ्र निस्तारण कराया जाए। उन्होंने दोहराया कि मृतक की लाश पर राजनीति नहीं, बल्कि न्याय होना चाहिए।