A2Z सभी खबर सभी जिले की

जिले में 9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा अभियान’ तथा 15 अगस्त तक होंगे ‘वंदे मातरम’ कार्यक्रम

जिले में 9 से 17 अगस्त तक चलेगा ‘हर घर तिरंगा अभियान’ तथा 15 अगस्त तक होंगे ‘वंदे मातरम’ कार्यक्रम

झुमका बांध में स्वच्छता अभियान से लेकर तिरंगा रैली, सद्भावना दौड़, तिरंगा कैनवास और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे आयोजित

कोरिया, 08 अगस्त 2026/ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से कोरिया जिले में 9 से 17 अगस्त 2026 तक ‘हर घर तिरंगा अभियान’ तथा 7 से 15 अगस्त 2026 तक ‘वंदे मातरम’ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कलेक्टर के निर्देशानुसार दोनों अभियानों के प्रभावी क्रियान्वयन एवं अनुश्रवण के लिए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत कोरिया को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

Related Articles

झुमका बांध से शुरू होगा विशेष स्वच्छता अभियान
9 अगस्त को प्रातः 8 से 10 बजे तक झुमका बांध पर्यटन स्थल में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा। श्रमदान के माध्यम से स्वच्छता कार्यक्रम के साथ स्वच्छता थीम पर तिरंगा प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी। इसकी जिम्मेदारी मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत बैकुण्ठपुर एवं जिला समन्वयक स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण को सौंपी गई है।

10 अगस्त को निकलेगी भव्य तिरंगा रैली
10 अगस्त को प्रातः 8 से 10 बजे तक पुलिस लाइन बैकुण्ठपुर से रामानुज स्टेडियम तक भव्य तिरंगा रैली निकाली जाएगी। इसमें विद्यार्थियों सहित विभिन्न वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

14 अगस्त को तिरंगा सद्भावना दौड़ और देशभक्ति कार्यक्रम
14 अगस्त को प्रातः 8 से 10 बजे तक रामानुज स्टेडियम से कुमार चौक तक तिरंगा सद्भावना दौड़ आयोजित होगी। वहीं दोपहर 12 से शाम 3 बजे तक मानस भवन बैकुण्ठपुर में तिरंगा कैनवास, रंगोली, पोस्टर प्रतियोगिता और देशभक्ति आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

गांव-गांव निकलेगी तिरंगा रैली, स्वच्छता अभियान में शामिल होंगे ग्रामीण
9 से 15 अगस्त तक जिले के सभी विकासखंडों और ग्राम पंचायतों में स्व-सहायता समूह की महिलाओं एवं ग्रामीणों की सहभागिता से तिरंगा रैली और श्रमदान आधारित स्वच्छता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। बिहान की महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा तिरंगा झंडों का निर्माण भी किया जाएगा।

स्कूल-कॉलेजों में होंगे देशभक्ति कार्यक्रम
7 से 15 अगस्त तक समाजसेवी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संस्थाओं, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों की सहभागिता से तिरंगा यात्रा, मशाल रैली, देशभक्ति गीत प्रतियोगिता, विचार गोष्ठी, संगोष्ठी और छत्तीसगढ़ी लोक नृत्य प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। स्कूलों के बैंड, एनसीसी, एनएसएस एवं स्काउट की भागीदारी से भी विभिन्न कार्यक्रम होंगे।

वंदे मातरम की धुन पर अपनी आवाज में गीत रिकॉर्ड कर सकेंगे नागरिक
सार्वजनिक-निजी भागीदारी से ‘वंदे मातरम ऑडियो/वीडियो बूथ’ स्थापित किए जाएंगे। यहां नागरिक रिकॉर्डेड धुन के साथ अपनी आवाज में वंदे मातरम गाकर उसे अपलोड कर सकेंगे।

15 अगस्त को होगा सामूहिक वंदे मातरम गायन
15 अगस्त को जिला मुख्यालय, विकासखंड मुख्यालय, ग्राम पंचायतों तथा सभी स्कूल-कॉलेजों और शासकीय कार्यालयों में ध्वजारोहण के बाद राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ का सामूहिक गायन किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्य समारोह स्थल सहित सभी कार्यालयों में राष्ट्रीय पर्व गरिमापूर्वक मनाया जाएगा।

‘सेल्फी विद तिरंगा’ अभियान में भाग ले सकेंगे आम नागरिक
16 अगस्त को विशेष ‘सेल्फी विद तिरंगा’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। अधिकारी, कर्मचारी एवं आम नागरिक हर घर तिरंगा पोर्टल पर तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी अपलोड कर अभियान में सहभागिता दर्ज करा सकेंगे।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को निर्धारित कार्यक्रमों के सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने तथा शासन के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

 

 

 

 

Show More
Back to top button