A2Z सभी खबर सभी जिले की

हमीरपुर :युवा अधिवक्ताओं को स्थायी लोक अदालत की कार्यप्रणाली से कराया गया अवगत

मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट 

हमीरपुर, 04 अगस्त। माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, के कुशल मार्गदर्शन एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशों के अनुपालन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर द्वारा युवा अधिवक्ताओं के लिए स्थायी लोक अदालत विषयक एक दिवसीय संवेदनशीलता एवं अभिमुखीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

Related Articles

कार्यक्रम में स्थायी लोक अदालत, हमीरपुर के अध्यक्ष श्री प्रमोद कुमार मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्थायी लोक अदालत का उद्देश्य जनोपयोगी सेवाओं से जुड़े विवादों का त्वरित, सरल, सुलभ एवं कम व्यय में निस्तारण सुनिश्चित करना है। उन्होंने इसकी अधिकारिता, कार्यप्रणाली एवं वैकल्पिक विवाद निस्तारण प्रणाली की उपयोगिता पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए युवा अधिवक्ताओं से अधिकाधिक पात्र वादों को स्थायी लोक अदालत के समक्ष प्रस्तुत करने का आह्वान किया।

बार संघ, हमीरपुर के महामंत्री श्री अश्विनी प्रजापति ने कहा कि अधिवक्ताओं की सक्रिय भागीदारी से स्थायी लोक अदालत की प्रभावशीलता और अधिक बढ़ेगी तथा आमजन को शीघ्र एवं सुलभ न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य को नई गति मिलेगी। उन्होंने युवा अधिवक्ताओं से इसकी कार्यप्रणाली का व्यापक लाभ उठाने एवं पात्र मामलों को स्थायी लोक अदालत के माध्यम से निस्तारित कराने का आग्रह किया।

अभिमुखीकरण कार्यक्रम में स्थायी लोक अदालत की अधिकारिता, जनोपयोगी सेवाओं से संबंधित वादों की प्रकृति, वाद निस्तारण की प्रक्रिया तथा विधिक सेवा प्राधिकरण अधिनियम, 1987 के प्रासंगिक प्रावधानों पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही युवा अधिवक्ताओं की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उन्हें समयबद्ध एवं प्रभावी विवाद निस्तारण की प्रक्रिया से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम के समापन पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, हमीरपुर की सचिव श्रीमती वंदना अग्रवाल ने मुख्य अतिथि, बार संघ के पदाधिकारियों, अधिवक्ताओं एवं सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे अभिमुखीकरण कार्यक्रम युवा अधिवक्ताओं को वैकल्पिक विवाद निस्तारण प्रणाली की उपयोगिता से जोड़ते हुए अधिकाधिक पात्र प्रकरणों के प्रभावी निस्तारण में सहायक सिद्ध होंगे।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवा अधिवक्तागण, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Show More
Back to top button