
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
जरिया (हमीरपुर)। थाना जरिया क्षेत्र के ग्राम पहरा में रामजानकी मंदिर के पास मामूली कहासुनी ने हिंसक संघर्ष का रूप ले लिया। दो पक्षों के बीच हुई मारपीट में आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। घटना के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण थाना जरिया पहुंच गए और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर पुलिस से तीखी नोकझोंक भी हुई।
वहीं, पीड़ित पक्ष का आरोप है कि दर्जन भर हथियारबंद लोगों ने धारदार हथियारों और लाठी-डंडों से हमला कर परिवार के लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत यज्ञ प्रांगण में मामूली कहासुनी से हुई, जो देखते ही देखते हिंसक संघर्ष में बदल गई।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण थाना जरिया पहुंच गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए प्रदर्शन किया। इस दौरान पुलिस और ग्रामीणों के बीच काफी देर तक बहस होती रही।
पुलिस के अनुसार, ग्राम पहरा निवासी अशोक पुत्र रामकृपाल की तहरीर पर गांव के अरविन्द, विक्रम, नीलू, राहुल, मंगल, नवल सहित अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोप है कि रामजानकी मंदिर के पास अशोक के पुत्र कमल और उसके साथियों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की गई तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
थाना जरिया पुलिस ने प्राप्त तहरीर के आधार पर नामजद आरोपियों एवं छह अज्ञात साथियों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर लिया है। पुलिस ने नीलू और राहुल को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। सभी घायलों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया है और मामले की विवेचना के साथ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

